LOADING...
शारिब हाशमी की पत्नी को छठी बार कैंसर, बोले- अब हर तरफ फैल गई है बीमारी
शारिब हाशमी की पत्नी को छठी बार कैंसर, सुनाई आपबीती

शारिब हाशमी की पत्नी को छठी बार कैंसर, बोले- अब हर तरफ फैल गई है बीमारी

May 13, 2026
12:14 pm

क्या है खबर?

'द फैमिली मैन' से लोकप्रिय हुए अभिनेता शारिब हाशमी और उनकी पत्नी नसरीन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने जीवन के सबसे कठिन संघर्ष मुंह के कैंसर के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने खुलासा किया कि कैंसर ने उन्हें 6 बार अपना शिकार बनाया है। इस मुश्किल लड़ाई में बीमारी के बार-बार लौटने और लगातार इलाज ने उनके धैर्य की परीक्षा ली, लेकिन कठिन समय में दोनों एक-दूसरे की सबसे बड़ी ताकत बने रहे।

लड़ाई

साल 2018 से कैंसर से जंग लड़ रहीं नसरीन

नसरीन साल 2018 से इस जानलेवा बीमारी से लड़ रही हैं और अब तक 5 बार कैंसर को मात दे चुकी हैं, लेकिन हाल ही में छठी बार बीमारी के लौटने ने उन्हें फिर से इलाज की राह पर खड़ा कर दिया है। इंटरव्यू के दौरान इस जोड़े ने बताया कि बार-बार होने वाली सर्जरी, अस्पताल के लंबे प्रवास और बार-बार लौटती बीमारी ने उन्हें भावनात्मक रूप से कितना प्रभावित किया।

बीमारी

5 सर्जरी और छठी बार फिर लौटा कैंसर

नसरीन ने बताया कि जब पहली बार शारिब को उनकी बीमारी के बारे में पता चला था तो वो पूरी तरह टूट गए थे। इसके बाद शारिब ने नसरीन के इलाज और इस बीमारी की जटिलता पर बात कर बताया कि कैंसर कई बार वापस लौट चुका है और अब फिर उनका इलाज चल रहा है। शारिब बोले, "वो 5 बार सर्जरी करा चुकी हैं। 5 बार उनका कैंसर वापस आया है और ये छठी बार फिर लौट आया है।"

Advertisement

दर्दनाक

इस बार शरीर में फैल गया है कैंसर- शारिब

शारिब ने अपनी पत्नी के जज्बे को सलाम करते हुए कहा, "इस बार ये (कैंसर) हर तरफ फैल गया है, लेकिन यह वक्त भी गुजर जाएगा, इलाज चल रहा है। जिस तरह से वाे इसका सामना कर रही थीं, उससे हम सबको फिर से हिम्मत मिलने लगी। उसका कैंसर काफी आक्रामक है, इसलिए ये बार-बार लौट आता है, लेकिन इसके बावजूद वो बहुत बहादुरी से और एक सच्ची योद्धा की तरह इससे लड़ रही है।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

क्या बोले शारिब हाशमी और उनकी पत्नी नसरीन?

हमदर्द

हर मुश्किल घड़ी में नसरीन की ढाल बने शारिब  

उधर नसरीन बोलीं, "शारिब ने एक पल के लिए भी मेरा साथ नहीं छोड़ा। यहां तक कि जब वो शूटिंग में व्यस्त होते थे, तब भी किसी तरह अस्पताल पहुंच जाते थे। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर छुट्टी होने तक, वो अपना बैग लेकर वहीं बैठे रहते थे। वहां से हिलते नहीं थे। उनका लगातार मेरे पास होना मुझे बहुत सुकून देता था। मेरे लिए वो हमेशा खड़े रहे हैं। उन्होंने हर संभव तरीके से मेरा साथ निभाया है।"

जानकारी

30 साल का साथ और अटूट प्यार

शारिब-नसरीन दिसंबर, 2003 में शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन उनका साथ तब से है, जब वे किशोर थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है। काम के मोर्चे पर बात करें तो शारिब अब अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे।

Advertisement