'मिर्जापुर: द मूवी' से दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर हटाया 'शूरवीर' गाना, निर्माता भरेंगे 50,000 रुपये का जुर्माना
दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के निर्माताओं से आर्मी वेलफेयर फंड में 50,000 रुपये दान करने को कहा है। मामला फिल्म के एक लड़ाई वाले दृश्य में 'शूरवीर' गाने के इस्तेमाल से जुड़ा है। याचिका में कहा गया था कि महाराणा प्रताप को समर्पित इस गाने को हिंसा वाले दृश्य में इस्तेमाल करने से उनके आदर्शों का गलत संबंध बनता है। कोर्ट ने भी गाने के इस तरह इस्तेमाल को सही नहीं माना था। इसके बाद निर्माताओं ने फिल्म से गाना हटा दिया और 1 हफ्ते के भीतर 50,000 रुपये दान करने की बात कही।
निर्माताओं को 2 हफ्ते में जमा करनी होगी आर्मी वेलफेयर फंड की रसीद
शिकायत के बाद फिल्म के निर्माताओं ने 'शूरवीर' गाना हटा दिया और बदलावों के लिए सेंसर बोर्ड से मंजूरी मांगी। एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अदालत को बताया कि वो 1 हफ्ते के भीतर आर्मी वेलफेयर फंड में 50,000 रुपये दान कर देगा। इस पर कोर्ट ने निर्देश दिया कि 2 हफ्ते के भीतर दान की रसीद जमा करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर मामले को जुर्माने की रकम पर आगे सुनवाई के लिए फिर से सूचीबद्ध किया जाएगा। इन शर्तों के साथ अदालत ने मामले का निपटारा कर दिया।