मुंबई के सिनेमाघरों में टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव का AICWA ने किया विरोध, मुख्यमंत्री से पुनर्विचार की मांग
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मुंबई के सिनेमाघरों में मनोरंजन कर बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। बीएमसी ने एसी सिनेमाघरों में हर शो पर 400 रुपये, सिंगल-स्क्रीन एसी सिनेमाघरों में 200 रुपये और बिना एसी वाले सिनेमाघरों में 90 रुपये बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। AICWA अध्यक्ष डॉ. सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे पहले से मुश्किल दौर से गुजर रही फिल्म इंडस्ट्री पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
टैक्स से सिनेमा नौकरियों पर संकट
AICWA के मुताबिक, अगर मनोरंजन कर बढ़ता है तो सिनेमाघरों में टिकट के दाम भी बढ़ सकते हैं। महंगे टिकटों के कारण दर्शक थिएटर से दूरी बना सकते हैं और निर्माता नई फिल्मों में पैसा लगाने से बच सकते हैं। संगठन ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री अभी महामारी के असर से पूरी तरह उबर नहीं पाई है और OTT से भी मुकाबला कर रही है। ऐसे में अतिरिक्त टैक्स से कलाकारों से लेकर बैकस्टेज कर्मचारियों तक की नौकरियों पर असर पड़ सकता है।