'जन नायकन' की रिलीज को मिली हरी झंडी? इस तारीख को रिलीज के आसार
क्या है खबर?
थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' साल की शुरुआत से अपनी रिलीज को तरस रही है। अब लगता है कि आखिरकार इसे सिनेमाघरों में उतारने का समय आ गया है, क्योंकि चर्चाएं तो कुछ ऐसी ही हैं। जाहिर है कि यह थलापति की आखिरी फिल्म है, जिसमें उनके साथ पूजा हेगड़े मुख्य किरदार में नजर आएंगी। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 जनवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म को अब रिलीज तारीख मिल चुकी है।
रिलीज
मई में रिलीज होने के लिए तैयार 'जन नायकन'
रिपोर्ट के अनुसार, यह पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा फिल्म 8 मई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। निर्माता जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। इससे पहले, KVN प्रोडक्शन द्वारा निर्मित यह फिल्म ऑनलाइन पायरेसी का शिकार हो गई थी। ऐसी संभावना है कि फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर इसका प्रभाव पड़ सकता है; हालांकि, थलपति की स्टार पावर फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग दिलाने के लिए काफी है।
अड़चन
इस कारण तय समय पर रिलीज नहीं हो पाई थी फिल्म
'जन नायकन' को सेंसर बोर्ड की तरफ से प्रमाण पत्र न मिलने के कारण इसे तय समय पर रिलीज नहीं किया गया था। दरअसल, CBFC के एक सदस्य ने फिल्म में भारतीय सेना के चित्रण और धार्मिक सौहार्द्र को प्रभावित करने वाले कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई थी। लंबे समय तक यह मामला मद्रास हाई कोर्ट में चला। अब लगता है कि सभी मामले सुलझ गए हैं, जिसके बाद इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।