तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जीवी नारायण राव का निधन, कुछ दिनों से थे बीमार
क्या है खबर?
मनोरंजन जगत से एक और दुखद खबर आने से शोक के बादल छा गए हैं। हाल ही में, बॉलीवुड फिल्म निर्देशक कुकू कोहली के निधन (25 अगस्त) से फैंस को बड़ा झटका लगा था। अब दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जीवी नारायण राव ने अपनी अंतिम सांस ली है। सिनेजोश की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 73 वर्षीय अभिनेता पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। उन्होंने 26 अगस्त की शाम इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
शोक
राव के निधन पर MAA ने जताया शोक
राव के निधन से सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (MAA) ने भी शोक व्यक्त किया और उनके निधन को तेलुगु फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।
सिनेमा जगत के कई प्रमुख कलाकारों और हस्तियों ने भी दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
बता दें, राव और सुपरस्टार रजनीकांत की गहरी दोस्ती थी। दोनों चेन्नई स्थित एक फिल्म संस्थान में सहपाठी थे और साथ-साथ अभिनय का प्रशिक्षण लिया था।
करियर
फिल्मों से लेकर टीवी तक दे चुके थे योगदान
राव का करियर करीब 5 दशक तक चला। उन्होंने के बालाचंदर की फिल्म 'अंथुलेनी कथा' (1976) से अपना अभिनय करियर शुरू किया। इसमें उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का नंदी पुरस्कार मिला।
चिरंजीवी के साथ भी उनका गहरा नाता था और दोनों ने 'मांचू पल्लाकी' और 'हिटलर' जैसी फिल्मों में साथ काम किया।
अभिनय के अलावा, राव ने फिल्म निर्माता बनकर भी सफलता हासिल की थी। वह 'पसुपु कुमकुमा' और 'सुंदरकांड' जैसे टीवी शो में भी दिखे।