LOADING...
सुशांत सिंह राजपूत और जिया खान की मौत के पीछे कौन? तनुश्री दत्ता ने बताया
तनुश्री दत्ता का दावा- माफिया ने ली सुशांत-जिया की जान

सुशांत सिंह राजपूत और जिया खान की मौत के पीछे कौन? तनुश्री दत्ता ने बताया

Apr 23, 2026
01:30 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के काले सच को उजागर कर बड़े दावे किए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर 'बॉलीवुड माफिया' को निशाने पर लेते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत और जिया खान जैसे उभरते सितारों की मौत कोई सामान्य आत्महत्या नहीं थी। तनुश्री का मानना है कि इंडस्ट्री में सक्रिय कुछ ताकतवर गुट और माफिया तंत्र मिलकर बाहरी कलाकारों को इस कदर मानसिक प्रताड़ना देते हैं कि अंततः ऐसी दुखद घटनाएं घटती हैं।

दावा

"बॉलीवुड माफिया ने ली जिया खान और सुशांत सिंह राजपूत की जान"

मेरी सहेली से तनुश्री ने कहा, "बॉलीवुड माफिया बिल्कुल है। इसी वजह से आज जिया खान और सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच नहीं हैं। अगर माफिया नहीं होता तो ये प्रतिभाशाली कलाकार आज भी जिंदा होते।" तनुश्री ने कहा कि वो इस बात को स्वीकार नहीं करतीं कि इन दोनों कलाकारों ने आत्महत्या की थी। उनके मुताबिक कोई भी सामान्य व्यक्ति, जिसने सफलता देखी हो और जिसके पास आत्मविश्वास हो, वो अचानक उठकर अपनी जान लेने का फैसला नहीं करता।"

वजह

मानसिक स्थिति के पीछे किसका हाथ?

तनुश्री ने सवाल उठाया कि अगर मान भी लिया जाए कि उन्होंने आत्महत्या की तो उन्हें उस मानसिक स्थिति तक किसने पहुँचाया? उनके अनुसार, इंसान तब ऐसा कदम उठाता है, जब उसे आगे कोई रास्ता नहीं दिखता, लेकिन उन्हें उस मोड़ पर लाने वाला कौन था? उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल करियर का खराब दौर या उतार-चढ़ाव किसी को किसी कलाकार को आत्महत्या करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता, जब तक कि उसे जानबूझकर उस तरफ धकेला न जाए।

Advertisement

दो टूक

"रातों-रात कोई अपनी जान नहीं लेता"

तनुश्री ने कहा, "जो व्यक्ति पहले ही संघर्ष करके सफलता हासिल कर चुका है, उसके पास एक मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास होता है। ऐसे व्यक्ति का अचानक हार मान लेना सामान्य नहीं। ये स्थिति रातों-रात पैदा नहीं होती। इसके पीछे कोई बहुत बड़ी और गंभीर वजह या बाहरी दबाव होता है। जब तक किसी को मानसिक रूप से उस चरम सीमा तक धकेला न जाए, तब तक कोई भी सफल व्यक्ति अपनी जान देने का फैसला नहीं करता।"

Advertisement

निशाना

इंडस्ट्री के माफियाओं के लिए 'ना' सुनना बर्दाश्त के बाहर- तनुश्री

तनुश्री बोलीं, "इन माफिया लोगों में अहंकार कूट-कूट कर भरा होता है। वे खुद को इंडस्ट्री का भाग्य विधाता समझते हैं। आप उनके तरीके से नहीं चलते या उनके कहे अनुसार काम नहीं करते तो आप उनकी नजरों में खटकने लगते हैं। उनके लिए 'ना' सुनना बर्दाश्त के बाहर होता है। अगर आप उनकी राह पर नहीं चलते तो आप उनके दुश्मन बन जाते हैं। अपनी शर्तों पर और ईमानदारी से काम करने वालों को जानबूझकर निशाना बनाया जाता है।"

तंज

प्रतिभा से ज्यादा 'जी-हुजूरी' का बोलबाला

तनुश्री ने दावा किया कि ये कुछ मुट्ठीभर ताकतवर लोग किसी का भी भविष्य तय करने की ताकत रखते हैं। कोई उनके आगे नहीं झुकता तो वे उसका करियर बर्बाद कर देते हैं। तनुश्री के मुताबिक ये माफिया एक ऐसे जाल की तरह है, जहां प्रतिभा से ज्यादा 'जी-हुजूरी' मायने रखती है और जो इस जाल में नहीं फंसता, उसे मानसिक रूप से उस हद तक तोड़ दिया जाता है जहां सुशांत और जिया खान जैसी दुखद घटनाएं होती हैं।

जानकारी

मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचार आने पर तुरंत इन नंबरों पर कॉल करें

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

Advertisement