तापसी पन्नू बोलीं- मुझे फिल्म से निकाल दिया, क्योंकि हीरो की पत्नी को मैं नापसंद थी
क्या है खबर?
फिल्मों में कलाकारों को बदले जाने की वजह अक्सर बजट या तारीखें होती हैं, लेकिन अभिनेत्री तापसी पन्नू ने बॉलीवुड का एक कड़वा सच उजागर किया है। तापसी ने खुलासा किया कि उन्हें एक फिल्म से सिर्फ इसलिए निकाल दिया गया, क्योंकि 'हीरो की पत्नी' उन्हें पसंद नहीं करती थी। बिना किसी गलती के सिर्फ किसी की निजी पसंद-नापसंद के कारण फिल्म गंवाने के इस अनुभव को उन्होंने अपने करियर का सबसे बेतुका और बुरा कारण बताया है।
कारण
"भगवान जाने क्या वजह थी"
पत्रकार नयनदीप रक्षित से बातचीत में तापसी बोलीं, "मुझे बताया गया कि फिल्म के हीरो ने मुझे रिप्लेस करवाया है। भगवान जाने इसकी क्या वजह थी। मैं तो बस वजहों का अंदाजा ही लगाती रहती हूं। शायद कोई असुरक्षा की भावना रही हो या फिर वो अपनी किसी करीबी अभिनेत्री को फिल्म में लेना चाहते हों। मैं कई तरह के कारण सोच सकती हूं, लेकिन मुझे कोई साफ वजह नहीं बताई गई।"
खुलासा
हीरो की पत्नी की वजह से गंवानी पड़ी फिल्म
तापसी ने आगे कहा, "मुझसे बस इतना कहा गया कि हीरो मुझे फिल्म में नहीं चाहता, क्योंकि मैं बार-बार निकाले जाने का कारण पूछ रही थी। मुझे फिल्म से निकाले जाने का सबसे बेतुका कारण ये दिया गया था कि हीरो की पत्नी आपको पसंद नहीं करती। मुझे नहीं पता कि वो मुझे पसंद क्यों नहीं करती थीं।"
हालांकि, तापसी ने उस अभिनेता या उनकी पत्नी के नाम का खुलासा नहीं किया।
किरदार
एक जैसे किरदारों से तंग आकर तापसी ठुकरा रहीं फिल्में
'हसीन दिलरुबा', 'थप्पड़' और 'डंकी' जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाली तापसी अब एक जैसे किरदारों में बंधना नहीं चाहतीं।
उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में ग्लैमरस और गंभीर भूमिकाओं के लिए कुछ खास अभिनेत्रियों को ही चुना जाता है।
तापसी ने कहा कि कई बार वो निर्माताओं से कहती हैं कि अगर उन्हें फिल्म में लिया गया तो दर्शक कहानी का अंत पहले ही समझ जाएंगे। इसी वजह से वो खुद कई फिल्मों के प्रस्ताव ठुकरा चुकी हैं।
पिछली फिल्में
तापसी की हालिया फिल्में
तापसी हाल ही में फिल्म 'अस्सी' और 'गांधारी' में नजर आईं। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी कोर्टरूम ड्रामा 'अस्सी' में तापसी ने 'रावी भटकल' नाम की वकील की भूमिका निभाई है।
दूसरी तरफ देवाशीष मखीजा के निर्देशन में बनी एक्शन-थ्रिलर 'गांधारी' में वो एक ऐसी मां के किरदार में हैं, जिसकी बेटी का अपहरण हो जाता है और वो उसे बचाने निकल पड़ती है।
'गांधारी' में खासतौर से तापसी की अदाकारी की खूब तारीफ हुई।