'SVC 63': सलमान खान की फीस कम करने वाला दावा झूठा? निर्माताओं ने बताया सच
क्या है खबर?
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी फिल्मों में मोटी फीस लेने के लिए जाने जाते हैं। पिछले दिनों मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अभिनेता ने आगामी फिल्म 'SVC 63' के लिए अपनी फीस में भारी-भरकम कटौती की है। कहा गया कि उन्होंने निर्माताओं से सिर्फ 70 करोड़ रुपये वसूले हैं। इन दावों की बढ़ती चर्चा पर आखिरकार निर्माताओं ने चुप्पी तोड़ी और इनका खंडन करते हुए उन्हें "पूरी तरह से अटकलबाजी और तथ्यात्मक रूप से गलत" बताया है।
स्पष्टीकरण
'SVC 63' के अगले चरण की शूटिंग में जुटेंगे सलमान
निर्माताओं ने एक बयान में कहा कि उनका ध्यान अपुष्ट दावों का जवाब देने के बजाय एक शानदार सिनेमाई अनुभव प्रदान करने पर केंद्रित है।
उनका ये स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब सलमान 6 अगस्त से मुंबई में अगले चरण की शूटिंग शुरू कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये शेड्यूल सितंबर तक चलेगा क्योंकि टीम का लक्ष्य अक्टूबर तक एक्शन वाले हिस्से को पूरा करना है। इससे पहले शूटिंग हैदराबाद में करने की योजना थी।
कारण
फीस कम करने की ये बताई गई थी वजह
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि सलमान अपनी सामान्य फीस 120 करोड़ रुपये से ज्यादा लेने के बजाय, 'SVC 63' के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये लेंगे।
इसका कारण उनके पुराने दोस्त रफी काजी हैं, जो फिल्म के सह-निर्माता भी हैं, इसीलिए अभिनेता ने अपनी फीस खुशी-खुशी कम कर दी है। हालांकि, अब निर्माताओं ने अटकलों पर विराम लगा दिया है।
बता दें, वामशी पेडिपल्ली द्वारा निर्देशित 'SVC 63' ईद, 2027 में रिलीज होगी, जिसमें नयनतारा भी हैं।