Page Loader
सुशांत की बहन का पुराना वीडियो वायरल, पैसों को लेकर स्टाफ मेंबर को लगा रही फटकार

सुशांत की बहन का पुराना वीडियो वायरल, पैसों को लेकर स्टाफ मेंबर को लगा रही फटकार

Aug 14, 2020
08:38 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में हर दिन कई नए खुलासे हो रहे हैं। इसी के साथ यह केस सुलझने की बजाय और उलझता हुआ नजर आ रहा है। अब इस मामले में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें सुशांत की बहन प्रियंका सिंह और जीजा सिद्धार्थ तंवर दिखाई दे रहे हैं। इसमें वह सुशांत के एक स्टाफ मेंबर रजत मेवाती को पैसे ट्रांसफर करने की वजह से बुरी तरह फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं।

ट्रांजेक्शन

रजत ने सुशांत के अकाउंट से ट्रांसफर किए थे पैसे

रिपोर्ट्स के अनुसार रजत पहले सुशांत के अकाउंटेंट हुआ करते थे। वीडियो के मुताबिक रजत ने कुछ पैसे सुशांत के पूर्व स्टाफ मेंबर पंकज को ट्रांसफर किए थे। जिस कारण प्रियंका और सिद्धार्थ उन्हें जोरदार फटकार लगा रहे हैं। इसमें सुशांत के जीजा सिद्धार्थ लगातार रजत से सिर्फ एक ही सवाल कर रहे है कि उन्होंने यह पैसे अपने दिमाग से ट्रांसफर किए या किसी ने उनसे ऐसा करवाया? जबकि प्रियंका पुलिस को बुलाने की बात कह रही हैं।

फायर

इस विवाद के रजत मेवात को किया था नौकरी से बाहर

यह वीडियो अप्रैल, 2019 का बताया जा रहा है। इसमें सुशांत कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनी जा सकती है। हालांकि, यह तो साफ है कि यहां भी सुशांत के पैसों और बैंक अकाउंट से हुई ट्रांजेक्शन पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पूरे हंगामे के बाद ही प्रियंका ने रजत को काम से निकाल दिया था और उनकी जगह सैम्युल मिरांडा को रखा गया।

FIR

FIR में छाया हुआ है सैम्युल मिरांडा का नाम

गौरतलब है कि सुशांत मामले में सैम्युल मिरांडा का नाम भी पटना की FIR से CBI तक हर जगह दिख रहा है। FIR में कहा गया है कि सैम्युल को रिया चक्रवर्ती ने काम पर रखा था। जबकि अब खबर आई है कि सुशांत की बहन प्रियंका ने सैम्युल का इंटरव्यू लेकर उन्हें रजत मेवाती की जगह कथित तौर काम पर रखा। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद सुशांत मामले में नए सवाल खड़े होने लगे हैं।

ED जांच

ED की जांच के दौरान सामने आया पैसे ट्रांसफर करने का वीडियो

यह वीडियो उस समय सामने आया है जब ED इस मामले में पैसों के गबन की जांच कर रही है। सुशांत के बैंक अकाउंट से 15 करोड़ रुपये निकाले जाने की जांच अब भी जारी है। फिलहाल ED ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि इन पैसों से रिया का कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में सुशांत की टैलेंट मैनेजर जयंती शाह से भी 11 घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है।

पुरानी चैट

प्रियंका पर निशाना साधते हुए रिया ने शेयर की थी सुशांत संग हुई चैट

बता दें कि कुछ समय पहले ही सुशांत की गर्लफ्रेंड और इस मामले की मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती ने सुशांत के साथ हुई अपनी व्हाट्सऐप चैट का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया था। जिसमें सुशांत ने अपनी बहन प्रियंका को लेकर चिंता प्रकट की थी। उन्होंने इसमें प्रियंका को मैनिप्युलेटिव लिखा हुआ था। इसी चैट में सुशांत ने लिखा था कि उनको यकीन है कि उनकी बहन 'सिड भाई' को मैनिपुलेट कर रही है।