सुशांत के फैंस ने 'पवित्र रिश्ता 2' के बहिष्कार का किया आह्वान
सीरियल 'पवित्र रिश्ता' के जरिए दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने एक अलग पहचान बनायी थी। सीरियल में सुशांत ने मानव और अंकिता ने अर्चना का किरदार निभाया था। आज भी इस जोड़ी को फैंस मिस करते हैं। हाल में मेकर्स ने 'पवित्र रिश्ता 2' की घोषणा की थी, जिसमें टीवी अभिनेता शाहिर शेख और अंकिता नजर आएंगी। अब सोशल मीडिया पर सुशांत के फैंस ने 'पवित्र रिश्ता 2' के बहिष्कार का आह्वान किया है।
'पवित्र रिश्ता 2' में सुशांत का 'मानव' वाला रोल निभाएंगे शाहिर
'पवित्र रिश्ता 2' में शाहिर सुशांत का 'मानव' वाला रोल निभाएंगे। इसमें अकिंता अपने पुराने किरदार में शाहिर के अपोजिट नजर आएंगी। हाल ही में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ZEE5 और अल्ट बालाजी ने इस टीवी शो की घोषणा की थी। अब लगता है कि एक नए चेहरे के साथ शो की घोषणा करने के बाद सुशांत के फैंस को यह अच्छा नहीं लग रहा है। उन्होंने इस टीवी शो के बहिष्कार की मांग की है।
ट्विटर पर 'बॉयकॉट पवित्र रिश्ता 2' कर रहा ट्रेंड
फैंस का मानना है कि कोई सुशांत की जगह नहीं ले सकता। ट्विटर पर 'बॉयकॉट पवित्र रिश्ता 2' ट्रेंड कर रहा है। कई लोगों ने अंकिता को शो में शामिल होने पर ट्रोल किया है। एक यूजर ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'सुशांत की जगह कोई नहीं ले पाएगा। 'पवित्रा रिश्ता' केवल सुशांत के कारण लोकप्रिय था।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'मानव लाखों लोगों की भावना से जुड़ा है, इसलिए हम 'मानव 2' को स्वीकार नहीं कर सकते।'
यहां देखिए ट्विटर पोस्ट
देखिए अन्य ट्विटर पोस्ट
ZEE5 और अल्ट बालाजी पर होगा प्रसारण
अभिनेत्री से निर्माता बनीं भैरवी रायचूर की 24 फ्रेम्स प्रोडक्शन डिजिटल सीरीज 'पवित्र रिश्ता 2' का निर्माण करेगी। यह शो 55 दिनों के लिए विशेष रूप से ZEE5 पर उपलब्ध होगा, जिसके बाद अल्ट बालाजी पर भी प्रसारित होगा। 'पवित्र रिश्ता 2' के निर्देशन की जिम्मेदारी नंदिता मेहरा के हाथों में होगी। इस सीरीज का लेखन निकिता धोंड, गौतम हेगड़े और रितु भाटिया द्वारा किया जाएगा। देखना दिलचस्प होगा कि मानव के रूप में शाहीर अपनी कैसी छवि बनाते हैं।
2009 में शुरू हुआ था 'पवित्र रिश्ता' का प्रसारण
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस शो में यह दिखाया जाएगा कि सात साल बाद मानव और अर्चना की जिंदगी में क्या-क्या बदलाव आए हैं। 'पवित्र रिश्ता' की शुरुआत 2009 में हुई थी। एकता कपूर ने इसके लगभग 1,500 एपिसोड बनाए थे। सुशांत ने 2011 में 'पवित्र रिश्ता' को अलविदा कह दिया था। इसके बाद अभिनेता हितेन तेजवानी उनकी जगह नजर आए थे। हितेन सुशांत की तरह दर्शकों का प्यार हासिल नहीं कर पाए थे।