'पवित्र रिश्ता 2.0' में शाहिर निभाएंगे सुशांत का 'मानव' वाला रोल, कास्टिंग डायरेक्टर ने की पुष्टि
क्या है खबर?
'पवित्र रिश्ता' में मानव की भूमिका में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत दिखे थे। उनकी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री अंकिता लोखंडे को सीरियल में अर्चना के किरदार में देखा गया था।
हाल में खबर आई थी टीवी अभिनेता शाहीर शेख 'पवित्र रिश्ता 2.0' में सुशांत की जगह ले सकते हैं।
अब इस सीरियल के कास्टिंग डायरेक्टर आदित्य सुरन्ना ने इस खबर की पुष्टि कर दी है। अब देखना है कि शाहिर सुशांत की तरह अपना प्रभाव छोड़ पाते हैं या नहीं।
जानकारी
अंकिता और उषा फिर आएंगी नजर
हाल में धारावाहिक 'पवित्र रिश्ता' की निर्माता एकता कपूर ने यह फैसला किया था कि सुशांत की याद में वह अपने इस सीरियल का दूसरा सीजन बनाएंगी।
आदित्य ने बताया कि यह शो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होगा। इसमें ऑरिजनल शो की अभिनेत्री अंकिता और उषा नाडकर्णी अपने वही किरदार में नजर आएंगी।
बता दें कि उषा को शो में मानव की मां की भूमिका में देखा गया था। इस भूमिका में उषा ने दर्शकों का दिल जीता था।
बयान
यह शो हर किसी के लिए एक चुनौती होगा- आदित्य
जूम डिजिटल से बातचीत करते हुए आदित्य ने बताया कि 'पवित्र रिश्ता 2.0' चुनौतीपूर्ण होने वाला है।
उन्होंने कहा, "सच कहूं तो यह शो हर किसी के लिए एक चुनौती होगा। अंकिता अर्चना का किरदार निभा रही हैं और उषा मैम अपना किरदार निभाएंगी। हमने उन्हें पहले भी देखा है और पसंद किया है। बाकी कलाकारों की बात करें तो उनके लिए एक शो चुनौतीपूर्ण होगा। खासकर मानव की भूमिका निभाने वाले शाहीर के लिए यह शो आसान नहीं होगा।"
शुरुआत
2009 में शुरू हुआ था 'पवित्र रिश्ता' का प्रसारण
आदित्य ने इससे पहले 'बेहद 2', 'बैरिस्टर बाबू', 'दीया और बाती हम' जैसे अन्य टीवी शो के लिए कास्टिंग की है। आदित्य फिलहाल 'पवित्र रिश्ता 2.0' के प्रोजेक्ट में लग गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस शो में यह दिखाया जाएगा कि सात साल बाद मानव और अर्चना की जिंदगी में क्या-क्या बदलाव आए हैं।
'पवित्र रिश्ता' की शुरुआत 2009 में हुई थी। एकता ने इसके लगभग 1,500 एपिसोड बनाए थे।
सूचना
2011 में हितेन ने निभाया था मानव का किरदार
सुशांत ने 2011 में 'पवित्र रिश्ता' को अलविदा कह दिया था। इसके बाद अभिनेता हितेन तेजवानी उनकी जगह नजर आए थे।
हितेन ने सुशांत की कमी पूरी करने की कोशिश की, लेकिन वह दर्शकों के बीच अपनी पहचान उस तरह नहीं बना पाए, जैसे सुशांत ने बनाई थी। बाद में इस शो का प्रसारण बंद कर दिया गया था।
अब देखना दिलचस्प होगा कि मानव के रूप में शाहीर दर्शकों के बीच अपनी कैसी छवि बनाते हैं।