मशहूर टीवी अभिनेत्री सुरभि ज्योति बनीं मां, पति सुमित सूरी संग किया नन्हीं परी का स्वागत
क्या है खबर?
टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी के घर एक नन्हीं परी का आगमन हुआ है। सुरभि ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है, जिसकी खुशखबरी दोनों ने सोशल मीडिया पर एक बेहद खूबसूरत पोस्ट के जरिए फैंस के साथ साझा की है। माता-पिता बनने की इस खबर के आने के बाद से ही फैंस और टीवी सितारे सुरभि और सुमित को बधाइयां दे रहे हैं।
खुशखबरी
हमारी बेटी आ गई है- सुरभि-सुमित
सुरभि और सुमित की जिंदगी में एक नया और खूबसूरत अध्याय शुरू हो गया है। उन्होंने 13 जून को अपने पहले बच्चे के रूप में एक बेटी कां स्वागत किया है। सुरभि और सुमित ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद प्यारा पोस्ट शेयर कर अपने प्रशंसकाें और शुभचिंतकों के साथ ये खुशखबरी साझा की।
अपनी बेटी के आगमन की घोषणा करते हुए सुरभि-सुमित ने लिखा, 'ॐ। हमारी बेटी आ गई है। हमारा दिल प्यार और कृतज्ञता से भर गया है।'
बधाइयां
फैंस और सितारों ने लुटाया प्यार
इसके साथ ही सुरभि-सुमित ने हल्के गुलाबी रंग का एक पोस्टर भी शेयर किया, जिस पर एक गुलाब का फूल बना हुआ है। इस पोस्टर पर लिखा है, 'बेटी हुई है। 13 जून, 2026। प्यार, सुरभि और सुमित'।
इस पोस्ट पर उनके मनोरंजन जगत के दोस्तों, सह-कलाकारों और फैंस ने जमकर प्यार बरसाया।
टीवी अभिनेत्री किश्वर मर्चेंट ने खुशी जताते हुए 'शुभकामनाएं' लिखा, वहीं आशका गोराडिया समेत कई अन्य कलाकारों ने भी नए-नवेले माता-पिता को ढेरों शुभकामनाएं दीं।
पहली मुलाकात
सुरभि और सुमित की पहली मुलाकात
'कुबूल है' और 'नागिन 3' में अपने किरदार से दर्शकों को अपना दीवाना बना चुकीं सुरभि की सुमित से पहली मुलाकात 'हांजी- द मैरिज मंत्रा' म्यूजिक वीडियो के सेट पर हुई थी, जिसमें उन्होंने दूल्हा-दुल्हन का किरदार निभाना था।
धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के प्यार में पड़ गए और ऑन-स्क्रीन कैमिस्ट्री जल्द ही एक ऑफ-स्क्रीन प्रेम कहानी में बदल गई।
सुरभि-सुमित ने 27 अक्टूबर, 2024 को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में सात फेरे लिए थे।