'बॉर्डर 2' की सफलता पर भावुक हुए सनी देओल, बोले- सब पापा की दुआओं का असर
क्या है खबर?
सनी देओल की सिल्वर स्क्रीन वापसी शानदार रही जिसके बाद फैंस ने उन्हें 'सनी देओल 2.0' का खिताब दे दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि 2023 में रिलीज उनकी फिल्म 'गदर 2' ने वाकई बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दी। इसने लगभग 525 करोड़ रुपये के आसपास कारोबार किया। अब उनकी हालिया रिलीज 'बॉर्डर 2' भी सफलता की सीढ़ी पर पहुंच चुकी है जिसे लेकर वह भावुक हो गए। सनी ने इन सफलताओं का क्रेडिट अपने पिता धर्मेंद्र को दिया है।
प्रतिक्रिया
"मैं जहां भी जाता हूं, मुझे बहुत प्यार मिलता है"
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता ने अपनी फिल्मों की लगातार सफलता पर कहा, "ये सब पापा के आशीर्वाद और वाहेगुरु की कृपा से है। लोग मुझे पहले भी प्यार करते थे, आज भी करते हैं। मैं जहां भी जाता हूं, मुझे बहुत प्यार मिलता है।" उन्होंने कहा, "मैं सभी से यही कहना चाहता हूं कि मेहनत करो, अपने पेशे से प्यार करो, हिम्मत मत हारो। समय ऐसी चीज है जिसका कभी पता नहीं चलता, आपको इसके लिए तैयार रहना चाहिए।"
सीक्वल
'बॉर्डर 2' करने से डरे हुए थे सनी देओल
सनी ने स्वीकारा कि 'बॉर्डर' जैसी प्रतिष्ठित कहानी पर दोबारा काम करना डर भरा था। उन्होंने बताया कि जब 'बॉर्डर' रिलीज हुई और सफल साबित हुई, तो दूसरा भाग बनाने का ख्याल बहुत डरावना था, खासकर उनके लिए। हालांकि, जब दर्शकों ने सीक्वल को प्यार दिला तो उन्हें बहुत खुशी हुई। सैकनिल्क के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' अब तक कुल 317.75 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म में वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ भी मुख्य किरदारों में हैं।