सनी देओल की नई फिल्म 'लखन', वही गुस्सा; वही पावर और 'सीटी-मार' एक्शन का नया डोज
क्या है खबर?
'गदर 2' की ऐतिहासिक सफलता के बाद सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी अगली एक्शन-थ्रिलर फिल्म के लिए 'किल' के निर्देशक निखिल नागेश भट्ट के साथ हाथ मिलाया है, जिसका नाम 'लखन' रखा गया है। सनी एक बार फिर अपने धाकड़ अवतार से दर्शकों को मनोरंजित करने के लिए तैयार हैं। वो फिल्म की शूटिंग के लिए कमर कस चुके हैं।
रिपोर्ट
सिनेमाघरों में फिर बजेंगी सीटियां
पिंकविला के मुताबिक, लखन' में सनी का वही पुराना और रौद्र रूप लौटने वाला है। इस फिल्म को एक भव्य एक्शन एंटरटेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीक्वेंस और दमदार डायलॉग्स की भरमार होगी। फिल्म में कई ऐसे दृश्य होंगे, जो दर्शकों को सिनेमाघरों में झूमने पर मजबूर कर देंगे। निर्देशक ल्म के जरिए सनी को फिर उनके पूरे 'एक्शन मोड' में पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शूटिंग
कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
फिल्म के निर्माताओं ने बड़े पैमाने पर तैयारी शुरू कर दी है। फिल्म की स्क्रिप्टिंग, एक्शन डिजाइन और प्री-प्रोडक्शन का काम काफी तेज गति से चल रहा है। एक सूत्र ने खुलासा किया, "ये एक बड़े स्तर की एक्शन एंटरटेनर फिल्म है, जो हाई-एनर्जी और दर्शकों को खुश करने वाले पलों से भरपूर होगी। इसमें सनी देओल के कई ऐसे सीक्वेंस होंगे, जिन्हें देख दर्शकों के होश उड़ जाएंगे। फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरू होगी।"
एक्शन
तैयार हो जाइए एक्शन के एक और विस्फोटक अनुभव के लिए
सनी और निखिल के बीच इस सहयोग ने पहले ही काफी उत्साह पैदा कर दिया था, खासकर 'किल' में निखिल के साहसी एक्शन विजन देखने के बाद। 'लखन' से दर्शक एक और धमाकेदार एंटरटेनर की उम्मीद कर सकते हैं, जिसमें फिर सनी का 'ढाई किलो का हाथ' वाला अंदाज दोबारा देखने को मिलेगा। फिल्म 'किल' के जरिए एक्शन सिनेमा की परिभाषा बदलने वाले निर्देशक निखिल नागेश भट्ट अब सनी देओल के साथ मिलकर 'लखन' से धमाका करने को तैयार हैं।
अन्य फिल्म
एक तरफ 'लखन' और दूसरी तरफ 'रामायण' में हनुमान बनेंगे सनी
एक तरफ जहां सनी अपनी फिल्म 'लखन' से एक्शन के नए कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वो नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म 'रामायण' को लेकर भी चर्चा में हैं। ये महागाथा 2 भागों में रिलीज की जाएगी, जिसमें सनी 'भगवान हनुमान' के बेहद शक्तिशाली अवतार में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर (राम), साईं पल्लवी (सीता), रवि दुबे (लक्ष्मण) और यश (रावण) जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।