सुनीता आहूजा ने गोविंदा से तलाक का केस लिया वापस, खत्म हुई महीनों की खींचतान
गोविंदा की पत्नी सुनीता अहुजा ने अपना डिवोर्स केस वापस ले लिया है, जिसके साथ उनकी शादी को लेकर महीनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है।
हाल ही में दोनों का रिश्ता काफी सुर्खियों में रहा था, जब सुनीता ने गोविंदा को 'शुगर डैडी' तक कह दिया था और उन पर किसी अभिनेत्री के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था।
हाल ही में उनका बांद्रा कोर्ट जाना भी नए कयासों को जन्म दे रहा था, लेकिन अब साफ हो गया है कि फिलहाल उनका अलगाव नहीं हो रहा है।
गोविंदा के मैनेजर शशि ने की थी ये अपील
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इस मामले पर बात करते हुए कहा कि कुछ बातें परिवार के अंदर ही सुलझाना ज्यादा बेहतर होता है।
उन्होंने कहा, 'बैठकर बात करने से कई चीजें सुलझ जाती हैं।' उन्होंने सवाल उठाया कि आखिरकार निजी समस्याओं को सार्वजनिक क्यों किया गया और यह भी कहा कि अगर मेल-मिलाप संभव है, तो कोर्ट-कचहरी तक जाने की नौबत ही नहीं आनी चाहिए।
बता दें कि गोविंदा और सुनीता की शादी साल 1987 में हुई थी और उनके 2 बच्चे भी हैं। इन दोनों ने अपनी शादीशुदा जिंदगी में पहले भी कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन अब लगता है कि एक बार फिर सब कुछ सुलझ गया है।