समय रैना के कोर्ट केस पर सुनील पाल बोले- बस 3 लाख का जुर्माना? वीडियो वायरल
क्या है खबर?
दिव्यांगों पर असंवेदनशील टिप्पणी करने और कोर्ट के आदेशों की अनदेखी के मामले में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अब इस पूरे विवाद पर कॉमेडियन सुनील पाल ने तीखा तंज कसा है। सुनील ने समय पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी हरकतों को देखते हुए उन पर 3 लाख नहीं, बल्कि 30 करोड़ का जुर्माना भी लग सकता है।
चेतावनी
सुनील ने समय को दी ये चेतावनी
इंस्टेंट बॉलीवुड से बातचीत के दौरान सुनील ने समय पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, "सिर्फ 3 लाख का जुर्माना? जिस तरह की समय रैना की आड़ी-टेढ़ी हरकतें हैं, उस हिसाब से उन पर 30 लाख क्या, 30 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लग सकता है।"
उन्होंने समय को कड़ी चेतावनी देते हुए आगे कहा, "समय रैना, समय रहते ही सुधर जाओ, वरना बुरा समय आते बिल्कुल भी समय नहीं लगता।"
दावा
सुनील ने ठुकराया समय के शो का प्रस्ताव?
पिछले दिनों एक इवेंट में शामिल हुए सुनील का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
वीडियो में वो कह रहे थे, "समय रैना ने मुझसे शो में आने के लिए 25 लाख रुपये का ऑफर दिया था, लेकिन मैंने साफ कह दिया कि मैं शो में गाली-गलौज नहीं करूंगा। इस पर वो बोला था सर आप गाली मत देना। बाकी सब तो देंगे।
सुनील ने साफ कहा कि वाे 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' में शामिल नहीं होंगे।
विवाद
पुराना है समय-सुनील का विवाद
साल 2025 में समय का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' रणवीर अल्लाहबादिया की माता-पिता और शारीरिक संबंधों पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बड़े विवाद में घिर गया। देशभर में विरोध हुआ और समय व रणवीर के खिलाफ FIR दर्ज हुई।
विवाद बढ़ने पर समय को शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटाने पड़े। तब सनील ने शो की भाषा की आलोचना करते हुए समय को कपिल शर्मा से साफ-सुथरी कॉमेडी सीखने की सलाह दी थी।
पलटवार
समय रैना के 'ब्रश' वाले जोक पर सुनील पाल का करारा पलटवार
ये विवाद तब और बढ़ गया, जब 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' के पहले ही एपिसोड में समय ने सुनील पाल पर अपना पुराना 'ब्रश' वाला जोक दोबारा दोहरा दिया। इस पर पलटवार करते हुए सुनील ने एक वीडियो जारी कर समय को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा, "भाई, तूने कहा था कि मैं ब्रश नहीं करता? पर समय रैना, तू तो ब्रश करता है, फिर तेरे मुंह से इतनी गंदगी क्यों निकलती है?"