सुनील लहरी ने की मोदी की तारीफ, बोले- हम खुशकिस्मत हैं; जो हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले
क्या है खबर?
रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में लक्ष्मण का अमर किरदार निभाकर घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता सुनील लहरी फिर सुर्खियों में हैं। सुनील सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और देश के हर बड़े मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक नया वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दरियादिली की जमकर तारीफ की है।
वीडियो
"प्रधानमंत्री की जगह कोई और होता तो कड़ी सजा दिलवाता"
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम लाइव में जंतर-मंतर पर खुद को और अपनी मां को गालियां देने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही। उन्होंने कहा, "मैं उन सभी शरारती बच्चों को दिल से माफ करता हूं।"
उनके इस कदम पर सुनील ने प्रधानमंत्री की तारीफ कर उन्हें 'बड़े दिल वाला' इंसान बताया। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी की जगह कोई और नेता या व्यक्ति होता तो ऐसी आपत्तिजनक बातें करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाता।
सराहना
प्रधानमंत्री की तारीफ में अभिनेता ने कही ये बात
सुनील लहरी ने वीडियो साझा कर कहा, "हमारे प्रधानमंत्री जी का दिल कितना बड़ा है। आंदोलन में उन्हें, उनकी स्वर्गीय माताजी और देश की सेना को लोगों ने कितना बुरा-भला बोला, फिर भी उन्होंने सबको माफ कर दिया। कोई और होता तो कड़ी से कड़ी सजा देता। इस पर मुझे पुरानी कहावत याद आती है 'क्षमा बड़न को चाहिए, छोटन को उत्पात, का रहिमन हरि को घट्यौ, जो भृगु मारी लात'। ऐसे बड़प्पन वाले प्रधानमंत्री जी को मेरा कोटि-कोटि नमन।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
हम भाग्यशाली हैं कि देश के ऐसे दयालु प्रधानमंत्री हैं जो विरोध प्रदर्शनों के दौरान उनको उनकी माता जी और सेना के खिलाफ बुरे शब्द कहने वालों को माफ कर दिया
— Sunil lahri (@LahriSunil) August 1, 2026
We r fortunate to have a kind hearted P.M.who forgave those who used bad words against him, his mother & Sena during protests. pic.twitter.com/SPTAcJ9sWy
दरियादिली
"दुनिया के लिए सख्त, देशवासियों के लिए मोम..."
सुनील ने आगे कहा, "हम बेहद भाग्यशाली हैं कि हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जो दुनिया के लिए सख्त और अपने देशवासियों के लिए मोम की तरह नरम हैं। हो सकता है कि मेरी ये बात कई लोगों को पसंद न आए, लेकिन मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आप सभी खुश, सुखी और स्वस्थ रहें। जय श्री राम।"
इस पर कुछ लोगों ने उन्हें 'अंधभक्त' और 'चाटुकार' कहकर ट्रोल किया तो समर्थकों ने उनके बयान को बिल्कुल सही ठहराया।
वीडियो संदेश
अपने वीडियो में क्या बोले थे प्रधानमंत्री?
जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान मोदी, उनकी स्वर्गीय मां और सैनिकों को गालियां देने के वीडियो सामने आए थे, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
31 जुलाई की रात मोदी ने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि बेटियों से ऐसी भाषा सुनना समाज के लिए 'सांस्कृतिक आघात' है और आक्रोश स्वाभाविक है। हालांकि, ये गुमराह बच्चों को प्रताड़ित करने का नहीं, बल्कि गले लगाकर सही राह दिखाने का समय है, इसलिए वो उन सभी को दिल से माफ करते हैं।