राहुल-अथिया की शादी पर सुनील शेट्टी ने लगाई मुहर, बोले- समय मिलते ही होगी शादी
क्या है खबर?
क्रिकेटर केएल राहुल और सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी की प्रेम कहानी काफी समय से सुर्खियां बटोर रही हैं। ऐसी भी चर्चा है कि ये दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं।
उनकी शादी की खबरें भी समय-समय पर आती रहती हैं।
अब पहली बार अभिनेता सुनील ने राहुल-अथिया की शादी पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिलेगा, तो ये दोनों अपना ब्याह रचा लेंगे।
रिपोर्ट
जब बच्चों को ब्रेक मिलेगा, तभी शादी होगी- सुनील
सुनील ने इंस्टैंट बॉलीवुड को दिए इंटरव्यू में राहुल-अथिया की शादी पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
जब उनसे शादी की प्लानिंग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जैसे ही बच्चे डिसाइड करेंगे। राहुल का अभी एशिया कप है, वर्ल्ड कप है, साउथ अफ्रीका टूर है, ऑस्ट्रेलिया टूर है। जब बच्चों को ब्रेक मिलेगा, तभी शादी होगी। एक दिन में शादी नहीं हो सकती है ना?"
प्रतिक्रिया
"जब वक्त मिलेगा तो शादी की प्लानिंग जरूर होगी"
सुनील ने राहुल के व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देते हुए फिलहाल शादी होने की खबरों को नकार दिया है।
उन्होंने आगे बताया, "अभी पापा चाहते हैं की लड़की है, तो शादी हो जाए, लेकिन एक बार राहुल को ब्रेक मिल जाए। आप कैलेंडर देखेंगे तो डर जाएंगे। एक दिन का या दो दिन का गैप है, और दो दिनों में शाद नहीं हो सकती है। तो यही है, जब वक्त मिलेगा तो शादी की प्लानिंग जरूर होगी।"
रिपोर्ट
क्या अगले तीन महीनों में शादी रचा लेंगे राहुल-अथिया?
इंडिया टुडे के अनुसार, राहुल और अथिया की अगले तीन महीनों में शादी होने वाली है। कहा जा रहा है कि शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
सूत्र ने कहा, "राहुल के माता-पिता हाल ही में अथिया के परिवार से मिलने मुंबई गए थे। यह कपल अपने परिवार के साथ नए घर को विजिट करने के लिए गया था, जहां वे जल्द ही शिफ्ट होने वाले हैं। शादी अगले तीन महीनों में मुंबई में होने की उम्मीद है।"
जानकारी
दक्षिण भारतीय परंपरा में हो सकती है शादी
सुनील का जन्म मैंगलुरु के मुल्की में एक मंगलोरियन तुलु-भाषी परिवार में हुआ था और वह एक दक्षिण भारतीय हैं। उनके होने वाले दामाद राहुल भी मैंगलुरु से ताल्लुक रखते हैं। इसलिए चर्चा है कि राहुल-अथिया की शादी दक्षिण भारतीय परंपरा में होगी।
प्रेम-प्रसंग
तीन सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहा कपल
यह कपल हमेशा से ही अपने रिश्ते को लेकर मुखर रहा है। दोनों ने कभी अपने प्यार को छुपाया भी नहीं।
पिछले साल ही अहान शेट्टी की फिल्म 'तड़प' के प्रीमियर में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे हुए नजर आए। दोनों तीन सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
जब लंदन में इंटरनेशनल क्रिकेट सीरीज के दौरान राहुल ने BCCI के डॉक्युमेंट्स में अथिया को अपना पार्टनर बताया था, तभी से दोनों की प्रेम कहानी की चर्चा होने लगी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
क्रिकेटर और हिरोइन की जोड़ी हिट रही है। इससे पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा शादी रचा चुके हैं। पूर्व भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह और गीता बसरा भी लोकप्रिय कपल है। जहीर खान-सागरिका घाटगे भी लंबे रिलेशनशिप के बाद शादी के रिश्ते में बंधे।