LOADING...
सुमोना चक्रवर्ती की हुई एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी, पिछले 2 महीने से दर्द में थीं अभिनेत्री
सुमोना चक्रवर्ती ने करवाई एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी

सुमोना चक्रवर्ती की हुई एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी, पिछले 2 महीने से दर्द में थीं अभिनेत्री

Jul 05, 2026
02:39 pm

क्या है खबर?

'द कपिल शर्मा शो' से मशहूर हुईं कॉमेडियन और अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती के फैंस के लिए एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। सुमोना ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया है कि वो लंबे समय से 'एंडोमेट्रियोसिस' नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, जिसके लिए हाल ही में उनकी सर्जरी की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 2 महीने उनके लिए काफी दर्दभरे रहे और वो लगातार इस दर्द से उबरने की कोशिश कर रही थीं।

दर्द

'दुनिया से बिल्कुल कट गई थी मैं'

सुमोना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी सेहत से जुड़ा ये बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने लिखा, 'लंबे समय बाद दोबारा सोशल मीडिया पर लौटकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। पिछले 2 महीनों से मैं बिल्कुल गायब (दुनिया से कटी हुई) थी। मैंने जानबूझकर खुद को सोशल मीडिया से दूर रखा था। बीते 4 मई को मेरी 'एंडोमेट्रियोसिस' बीमारी को हटाने के लिए मेरी एक सर्जरी हुई थी।'

आपबीती

सालों की कोशिशों के बाद भी बढ़ गई थी बीमारी

सुमोना ने आगे लिखा, 'सालों तक इस बीमारी को ठीक करने की मेरी तमाम कोशिशों के बावजूद दुर्भाग्य से ये बहुत बड़े पैमाने पर बढ़ गई थी। मैंने पिछले 2 महीने शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को ठीक करने में बिताए हैं और आज मैं ईमानदारी से कह सकती हूं कि मैं बिल्कुल ठीक हूं।' सुमोना ने अपनी देखभाल करने वाले डॉक्टरों को 'फरिश्ता' बताते हुए लिखा, ' मैं उनकी हमेशा-हमेशा के लिए आभारी रहूंगी।'

Advertisement

फैसला

बीमारी से उबरने के बाद सुमोना ने लिया ये फैसला

सुमोना ने बताया कि वो ये सब किसी पब्लिसिटी या सहानुभूति के लिए नहीं लिख रहीं, बल्कि इस बीमारी ने जिंदगी को लेकर उनका नजरिया बदल दिया है। अब वो सोशल मीडिया पर लाइक-फॉलोअर्स की रेस से दूर रहकर एक ऐसी कम्युनिटी बनाना चाहती हैं, जहां महिलाएं खुलकर अपने मानसिक-शारीरिक मुद्दों पर बात कर सकें। कपिल शर्मा की ऑन-स्क्रीन पत्नी 'मंजू शर्मा' का यादगार किरदार निभाकर मशहूर हुईं सुमोना आखिरी बार 'खतरों के खिलाड़ी 14' में दिखी थीं।

Advertisement