सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री पर विवाद, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से मांगा जवाब
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स की नई डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े कोर्ट के मामले अभी चल रहे हैं और इसकी रिलीज पर आपत्तियां उठाई गई हैं। इसी को लेकर सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जवाब मांगा है। भेजे गए पत्र में मंत्रालय ने सुकेश की ओर से दी गई शिकायत पर गौर करने और 7 दिन में जवाब देने को कहा है।
आपत्ति
कोर्ट केस चलते हुए डॉक्यूमेंट्री रिलीज करने पर आपत्ति
ये घटना नेटफ्लिक्स के ऐलान के ठीक 2 दिन बाद हुई है और यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर से आने वाली है।
27 नवंबर को सुकेश के वकील अनंत मलिक ने मंत्रालय को शिकायत दी थी। सुकेश अभी दिल्ली की मंडोली जेल में हैं। शिकायत में कहा गया है कि जब सुकेश से जुड़े आपराधिक मामले और कोर्ट केस अभी चल रहे हैं, तब उन पर बनी ये डॉक्यूमेंट्री रिलीज करना सही नहीं है। इसी वजह से विवाद बढ़ गया है।
जवाब
रिलीज पर रोक नहीं, पर 7 दिन में देना होगा जवाब
आपत्तियों का संज्ञान लेते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को उठाए गए मुद्दों पर विचार कर अपनी टिप्पणी देने को कहा है।
पत्र मिलने के 7 दिन के भीतर प्लेटफॉर्म को जवाब देना होगा। हालांकि, इससे डॉक्यूमेंट्री जांच के दायरे में आ गई है, पर मंत्रालय ने इसकी रिलीज पर रोक नहीं लगाई है।
अभी ऐसी कोई जानकारी भी नहीं है कि नेटफ्लिक्स ने 18 दिसंबर की रिलीज तारीख आगे बढ़ाई हो।