Loading...
मुश्किल में पड़ी सुकेश चंद्रशेखर पर बनी डॉक्यूमेंट्री, रिलीज रोकने के लिए नोटिस जारी
सुकेश चंद्रशेखर ने डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं को भेजा लीगल नोटिस

मुश्किल में पड़ी सुकेश चंद्रशेखर पर बनी डॉक्यूमेंट्री, रिलीज रोकने के लिए नोटिस जारी

Nov 27, 2026
03:12 pm

क्या है खबर?

ठग सुकेश चंद्रशेखर पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' अपने ऐलान के बाद से कानूनी मुश्किल में फंस गई है। इसके निर्माताओं के खिलाफ लीगल एक्शन लिया गया है और प्री-रिलीज स्क्रीनिंग की मांग की गई है। सुकेश के वकील ने आरोप लगाया कि डाॅक्यूमेंट्री निर्माता बिना उनका पहलू सुने एकतरफा कहानी पेश कर रहे हैं। यह नोटिस नेटफ्लिक्स, नेटफ्लिक्स इंक, इंडिया टुडे ग्रुप, डॉक्यूमेंट्री के निर्माता और निर्देशक को भेजा गया है।

तर्क

डॉक्यूमेंट्री की रिलीज टालने की मांग

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने रिलीज टालने की मांग करते हुए तर्क दिया कि जब उनके क्लाइंट के खिलाफ क्रिमिनल ट्रायल चल रहे हैं, तो इसकी रिलीज उनके फेयर ट्रायल के अधिकार पर असर डाल सकती है।

26 नवंबर को भेजे गए नोटिस में उन्होंने मांग की कि डॉक्यूमेंट्री, इसका ट्रेलर, प्रमोशन से जुड़ी चीजों को तब तक रिलीज न किया जाए, जब तक संबंधित मामलों में प्रॉसिक्यूशन के सबूत रिकॉर्ड नहीं हो जाते।

आपत्ति

डॉक्यूमेंट्री से नहीं, रिलीज के समय से दिक्कत

वकील ने आगे कहा कि आपत्ति डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसके समय के खिलाफ है।

उन्होंने कहा, "एक फिल्म कुछ महीने बाद रिलीज हो सकती है और उसमें कुछ भी नहीं खोना है। एक ट्रायल 2 बार नहीं चलाया जा सकता।" उन्होंने चंद्रशेखर की लीगल टीम के लिए पूरी प्री-रिलीज स्क्रीनिंग की भी मांग की है।

नेटफ्लिक्स द्वारा घोषित यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को रिलीज हाेनी है। इसका निर्देशन मौमिता सेन और नियंता शेखर ने किया है।

ADVERTISEMENT