सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने फिर जारी किया समन
क्या है खबर?
महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में दिल्ली की एक अदालत ने अभिनेत्री नोरा फतेही को नया समन जारी किया है। कोर्ट ने उन्हें गवाह के रूप में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। कोर्ट में अनुपस्थित रहने पर जज ने उनके वकील को फटकार लगाई और नोरा के आचरण को संतोषजनक नहीं" बताया। इससे पहले समन व्हाट्सएप और ईमेल से भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने आने की पुष्टि नहीं की थी।
फटकार
नोटिस का जवाब न देने पर नोरा फतेही को कोर्ट की फटकार
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि नोरा को 22 अक्टूबर को ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए नोटिस भेजा गया था। उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन उनकी तरफ से पेशी को लेकर कोई जवाब या पुष्टि नहीं मिली।
इससे पहले 16 अक्टूबर को कोर्ट ने उन्हें 2 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया था। अब नए समन के मुताबिक, नोरा को 6 नवंबर को अदालत में पेश होकर गवाही देनी होगी।
जांच
सुकेश केस में सिर्फ गवाह हैं नोरा फतेही
इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए खुद को सरकारी अधिकारी बताकर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
इस मामले में नोरा का नाम सुकेश के साथ बातचीत और कथित लेन-देन को लेकर सामने आया। हालांकि, नोरा इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह हैं।