नितेश तिवारी की 'रामायण' में सुहेल नय्यर ने दी दस्तक, रणबीर-यश संग बनेंगे सुग्रीव
नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' में अब सुहेल नय्यर की एंट्री हो गई है। साल 2026 में रिलीज होने वाली यह फिल्म अभी से बॉलीवुड की सबसे बहुचर्चित फिल्मों में से एक बन चुकी है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े नाम पहले ही इस फिल्म से जुड़ चुके हें। सुहेल ने बताया कि उन्हें सुग्रीव का किरदार निभाने का मौका मिला है और वे इसे लेकर बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हें। उन्होंने यह भी कहा कि इस महत्वपूर्ण भूमिका को वे पूरी लगन से निभाएंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।
मुकेश छाबरा ने सुहेल को सुग्रीव का किरदार किया ऑफर
दरअसल, कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबरा ने ही सुहेल से संपर्क कर उन्हें यह किरदार ऑफर किया। निर्देशक नितेश, सुहेल के काम से पहले ही काफी प्रभावित थे।
खासकर उनकी फिल्म 'सारे जहां से अच्छा' देखने के बाद नितेश को लगा कि सुहेल 'रामायण पार्ट 2' में सुग्रीव के किरदार के साथ पूरा न्याय कर पाएंगे।
'रामायण' में सुहेल के अलावा रवि दुबे, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और इंदिरा कृष्णन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे।
इन सभी दिग्गज कलाकारों के साथ 'रामायण' इस साल की सबसे बड़ी और सितारों से सजी फिल्मों में से एक बनने वाली है।