निर्देशक सुधा कोंगरा ने डॉन पिक्चर्स पर ठोका मुकदमा, 'पराशक्ति' के इतने करोड़ बकाया; अगली फिल्म भी फंसी
निर्देशक सुधा कोंगरा ने डॉन पिक्चर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी फिल्म 'पराशक्ति' के लिए अभी तक 8.39 करोड़ रुपये नहीं मिले हैं।
दरअसल, उन्हें इस फिल्म के लिए कुल 17.70 करोड़ रुपये मिलने थे, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आधे पैसे ही मिले हैं। इस मामले में एक और पेंच तब आया जब फिल्म के निर्माताओं ने दावा किया कि फिल्म ने 100 करोड़ रुपये कमाए हैं।
हालांकि, बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स के मुताबिक, फिल्म की कमाई सिर्फ 85.10 करोड़ रुपये रही, जो इसके 150 करोड़ रुपये के बजट से काफी कम है।
सुधा ने की 'इदयम मुरुली' पर रोक लगाने की मांग
निर्देशक सुधा ने अदालत से डॉन पिक्चर्स की अगली फिल्म 'इदयम मुरुली' पर रोक लगाने की भी मांग की है, जो 10 जुलाई को रिलीज होने वाली है।
अभी के लिए, जज ने 'पराशक्ति' की सैटेलाइट रिलीज पर रोक लगा दी है। उन्होंने निर्माताओं को 7 जुलाई तक जवाब देने का समय दिया है, जिसके बाद 8 जुलाई को इस मामले की सुनवाई होगी।
इन सब के बावजूद, 'इदयम मुरुली' के प्रमोशंस अभी भी जोर-शोर से चल रहे हैं।