सुचित्रा पिल्लई ने 'इंडिगो' को लगाई फटकार, एयरलाइन पर क्यों भड़क गईं अभिनेत्री?
क्या है खबर?
अभिनेत्री और मॉडल सुचित्रा पिल्लई ने इंडिगो एयरलाइन को जमकर फटकार लगाई है। अभिनेत्री ने आरोप लगाए कि अपनी पसंद की सीट पहले से बुक करने के बावजूद, उनसे पीछे की सीट पर बैठने के लिए कहा गया था। उन्होंने आगे बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि उनकी रो में उनके बगल वाली सीट एयरलाइन के एक कर्मचारी को दे दी गई थी। अब सुचित्रा ने इस मामले पर एयरलाइन से सफाई देने के लिए कहा है।
मामला
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर निकाली भड़ास
सुचित्रा ने इंस्टाग्राम पर अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर साझा की, जिसमें दिखा कि उनका सीट नंबर कई बार बदला गया।
उन्होंने लिखा, 'बहुत बढ़िया इंडिगो (6E) अहमदाबाद। फ्लाइट के लिए बस में चढ़ने से पहले पास स्कैन करने वाली बदतमीज महिला कर्मचारी ने, जब पास स्कैन करने पर लाल बत्ती जली, तो वहां मौजूद व्यक्ति के हाथ से मेरा पास ले लिया। उसने मेरी सीट बदलकर विमान के पिछले हिस्से में 34C कर दी (जबकि मेरी सीट 3C थी)।'
सुचित्रा
सुचित्रा के साथ अन्य कलाकार भी करते रहे इंतजार
सुचित्रा ने आगे लिखा, 'महिला ने मुझसे उस सीट पर बैठने के लिए कहा और बोला कि टेक-ऑफ के बाद अगर पुरानी सीट खाली हो तो मैं वापस 3C पर जा सकती हूं। उसने विमान के वजन वगैरह का हवाला देते हुए कुछ बेतुकी बातें कहीं। मैंने मना कर दिया, क्योंकि मुझे कूल्हे की समस्या है और आगे की सीट चाहिए थी। इस चक्कर में 6 मिनट बर्बाद हो गए और मेरे साथ मौजूद बाकी कलाकार भी इंतजार करते रहे।'
सवाल
अभिनेत्री ने इंडिगो से किए अहम सवाल
विमान में चढ़ने के बाद अभिनेत्री को पता चला कि उनके बगल वाली सीट खाली थी और एक कर्मचारी को उनकी रो में सीट दे दी गई, जबकि बताया गया था कि तीसरी रो खाली है।
सुचित्रा ने एयरलाइन से सवाल किया कि क्या उन्होंने ये सब किसी कर्मचारी को मुफ्त सीट देने के लिए किया। उन्होंने इंडिगो से जवाब मांगे और ये भी बताने को कहा कि कर्मचारी को उनसे पूछे बिना उनकी सीट बदलने का अधिकार किसने दिया?