हक-धुरंधर की सफलता के बाद भी क्यों नहीं बदले यामी गौतम-आदित्य धर? दिया ये जवाब
अभिनेत्री यामी गौतम और उनके पति, फिल्मकार आदित्य धर, इन दिनों अपनी शानदार पेशेवर सफलता को लेकर चर्चा में हैं। जहां यामी की फिल्म 'हक' में उनके अभिनय की जमकर सराहना हो रही है, वहीं आदित्य के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इतनी बड़ी कामयाबी के बावजूद इस जोड़ी का मानना है कि शोहरत ने उनके व्यक्तित्व को नहीं बदला है।
एक हालिया इंटरव्यू में यामी ने आदित्य की सादगी की तारीफ करते हुए उन्हें अत्यधिक विनम्र बताया। उन्होंने साझा किया, "मैं उन्हें सफलता और संघर्ष के अलग-अलग दौर से गुजरते देख रही हूं, लेकिन वे हर स्थिति में अप्रभावित रहते हैं। चाहे कामयाबी का शिखर हो या मुश्किल पल जब वे खुद को कमजोर महसूस करते हैं।हम कभी भी अपनी निराशा या खीझ दूसरों पर नहीं निकालते।"
रणवीर सिंह के साथ फिर धमाका करेंगे आदित्य धर
यामी और आदित्य अपनी सादगी और जमीन से जुड़े रहने का श्रेय अपनी आध्यात्मिकता और एक-दूसरे के प्रति अटूट सहयोग को देते हैं। जीवन के हर उतार-चढ़ाव में यह जोड़ा एक-दूसरे की ढाल बनकर खड़ा रहता है। प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो, यामी इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'नई नवेली' की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। यह फिल्म एक ऐसी दुल्हन की दिलचस्प कहानी है, जिसके जीवन में कई गहरे राज छिपे हुए हैं।
वहीं, आदित्य धर अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट के निर्देशन की तैयारी में जुट गए हैं। चर्चा है कि आदित्य एक बार फिर रणवीर सिंह के साथ हाथ मिला सकते हैं।