Page Loader
सुभाष घई की जगह अब करण जौहर बनाएंगे 'राम लखन' का रीमेक, सितारों की तलाश जारी
सुभाष घई की 'राम लखन' का रीमेक बनाएंगे करण जौहर

सुभाष घई की जगह अब करण जौहर बनाएंगे 'राम लखन' का रीमेक, सितारों की तलाश जारी

लेखन मेघा
Aug 15, 2023
05:22 pm

क्या है खबर?

सुभाष घई की गिनती बॉलीवुड के नामचीन निर्देशकों में होती हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपने अब तक के अपने सफर में कई यादगार फिल्मों का निर्देशन किया है। अब घई टीवी शो 'जानकी' के जरिए छोटे पर्दे का रुख कर रहे हैं, जो आज यानी 15 अगस्त से प्रसारित होने वाला है। इसी बीच घई ने अपनी फिल्म 'राम लखन' के रीमेक को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि इसे वो नहीं, बल्कि करण जौहर बनाने वाले हैं।

विस्तार

धर्मा प्रोडक्शंस और करण करेंगे रीमेक पर काम

दरअसल, पिछले काफी समय से खबरें आ रही थीं कि 'राम लखन' के रीमेक बनाने पर विचार चल रहा है। कहा जा रहा था कि इस फिल्म में अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ एक बार फिर से साथ दिख सकते हैं। अब इंडिया टुडे के साथ बातचीत के दौरान घई ने इन खबरों का खंडन किया है। साथ ही घई ने पुष्टि की कि उन्होंने धर्मा प्रोडक्शंस और करण को फिल्म का विषय दे दिया है।

बयान

नए अभिनेता बनेंगे फिल्म का हिस्सा

घई ने यह बात साफ कर दी है कि वह 'राम लखन' के रीमेक पर काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं बहुत सारे सीक्वल का निर्माण कर रहा हूं। ऐसे में 'राम लखन' मैंने करण और धर्मा प्रोडक्शंस को दे दी है।" घई के मुताबिक, करण रीमेक के लिए दो अभिनेताओं को कास्ट करने की कोशिश में लगे हुए हैं। हालांकि, अनिल और जैकी फिल्म में होंगे या नहीं इस बात पर फिलहाल कुछ नहीं कहा गया है।

जानकारी

इन फिल्मों के सीक्वल बना रहे हैं घई

घई ने बताया कि वह 'कर्मा, 'सौदागर' और 'खलनायक' जैसी अपनी हिट फिल्मों के सीक्वल बनाने पर विचार कर रहे हैं। निर्देशक का कहना है कि उन्हें कई प्रस्ताव मिले हैं, लेकिन वह इन्हें अपनी शर्तों पर बनाएंगे और रचनात्मक प्रवृत्ति से समझौता नहीं करेंगे।

विस्तार

पहले रोहित शेट्टी संभालने वाले थे निर्देशन की कमान

'राम लखन' के रीमेक के निर्देशन की कमान संभालने के लिए पहले रोहित शेट्टी का नाम सामने आ रहा था। हालांकि, शेट्टी ने यह दावा किया था कि असुरक्षाओं के कारण कोई भी दो अभिनेता एक साथ फिल्म में काम करने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में वह फिल्म से पीछे हट गए और अब इसके निर्देशक को लेकर जानकारी नहीं है। मालूम हो कि 1989 में आई 'राम लखन' में माधुरी दीक्षित और डिंपल कपाड़िया शामिल थीं।

बयान

घई ने इंडस्ट्री में आए बदलाव पर की बात

इस दौरान घई ने 80-90 के दशक की तुलना आज से करते हुए कहा, "पहले पूरी इंडस्ट्री किसी की फिल्म होती थी तो साथ देने के लिए आ जाती थीं, लेकिन अब लोगों में होड़ लगी हुई है।" उनका कहना है कि पहले सितारे और निर्माता रिश्ते में सम्मान बनाने में विश्वास करते थे। आज एक अभिनेता दूसरे के प्रीमियर में शामिल होने से कतराते हैं। आज परिदृश्य बदल गया है और लोग अपने आप में ही रहते हैं।

जानकारी

दूरदर्शन पर आएगा घई का पहला शो 

घई का टीवी शो 'जानकी' आज से दूरदर्शन पर शुरू होगा, जिसकी कहानी जैनेश एजरदार, रेखा बब्बल और वंदना तिवारी ने लिखी है। इसके निर्देशक वैष्णव और धर्मेश हैं। इस शो का मकसद महिला सशक्तिकरण के आंदोलन को देशभर में मजबूत करना है।