राजामौली हुए 'धुरंधर 2' के मुरीद, बोले- 4 घंटे लंबी फिल्म बनाने के लिए जिगरा चाहिए
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा के दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' की जमकर सराहना की है। फिल्म के 4 घंटे लंबे रनटाइम पर बात करते हुए राजामौली ने कहा कि इतनी लंबी फिल्म बनाने और उसे सिनेमाघरों में रिलीज करने के लिए बहुत 'जिगरा' चाहिए। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की हिम्मत की दाद देते हुए फिल्म के विजुअल्स और कहानी की पकड़ को बेमिसाल बताया है। क्या कुछ बोले राजामौली, आइए जानते हैं।
एक्टिंग और स्तर
राजामौली ने की आर माधवन की जमकर तारीफ
निर्देशक ने सोशल मीडिया पर आर माधवन को टैग करते हुए फिल्म में उनके प्रदर्शन की दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, 'आपने एक राष्ट्र की लाचारी और हताशा को इतने शानदार तरीके से पर्दे पर उतारा कि हमें आपकी सफलता अपनी सफलता जैसी महसूस हुई।' राजामौली ने फिल्म के सीक्वल के भव्य पैमाने पर लिखा, 'मुझे 'धुरंधर' बहुत पसंद आई थी, लेकिन इसके सीक्वल ने भव्यता और आत्मा दोनों ही मामलों में मूल फिल्म को पीछे छोड़ दिया है।'
अवधि
4 घंटे तक बांधे रखती है कहानी- राजामौली
राजामौली ने लिखा, 'राइटिंग, कास्टिंग, तकनीकी बारीकियां, संगीत और निर्देशन सब बेमिसाल है, लेकिन फिल्म की असली ताकत इसकी भावनात्मक गहराई है, जो इसे दर्शकों से जोड़ती है। लेखन में उतार-चढ़ाव को इतने बेहतरीन तरीके से बुना गया है कि वे भावनाओं से भरे तनाव को पैदा करते हैं। आदित्य धर आपने कमाल कर दिया है। 4 घंटे लंबी फिल्म बनाना और उसे रिलीज करना बहुत हिम्मत का काम है। दर्शक आखिरी फ्रेम तक अपनी सीट से चिपके रहते हैं।'
सराहना
रणवीर के दीवाने हुए राजामौली
फिल्म के सितारों की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए राजामौली ने आगे लिखा, 'रणवीर सिंह, क्या लाजवाब परफॉर्मेंस दी है दोस्त। शेड में बहन वाला वो सीक्वेंस एक्टिंग की एक 'मास्टरक्लास' है। शुरुआत से लेकर दिल दहला देने वाले क्लाइमैक्स तक, आपने हमजा और जसकीरत दोनों किरदारों के रूप में हमें मंत्रमुग्ध कर दिया।' रणवीर सिंह ने फिल्म में निभाए अपने किरदारों से न केवल दर्शकों को, बल्कि फिल्म जगत के सबसे बड़े निर्देशकों को भी प्रभावित किया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
I loved Dhurandhar-1, but The Revenge surpassed the original in both scale and soul.
— rajamouli ss (@ssrajamouli) March 21, 2026
The writing, casting, technical execution, music, world design and direction are flawless…. But it’s the emotional stakes that really ground it.
The writing manages to weave plot twists that…
कमाई
'धुरंधर 2' पहले ही दिन 100 करोड़ पार
'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। इस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। फिल्म ने पहले दिन भारत में कुल 102.55 करोड़ की कमाई की। फिल्म 2 दिन में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। बता दें कि दिसंबर 2025 में आई फिल्म 'धुरंधर' ने 27 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी।