बॉक्स ऑफिस पर 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का तूफान, 3 दिन में ही भारत से छापे 215 करोड़
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती 3 दिनों में ही भारत में 215.47 करोड़ का शानदार कारोबा कर लिया है।
टॉम हॉलैंड और जेंडाया अभिनीत ये फिल्म 30 जुलाई, 2026 को भारत में रिलीज हुई थी। दर्शकों के शानदार अनुभव और भारत में इसकी दीवानगी देखते हुए इसे हिंदी, तमिल और तेलुगू समेत 6 भाषाओं में 2D और 3D फॉर्मेट में रिलीज किया गया है।
अकेलेपन से जूझते पीटर पार्कर की कहानी
ये कहानी 'नो वे होम' के 4 साल बाद की घटनाओं पर आधारित है। अपनों की यादों से पूरी तरह मिट जाने के बाद पीटर पार्कर खुद को अकेला पा रहा है। इसी बीच एक नए खूंखार विलेन से मुकाबला करते हुए उसे महसूस होता है कि स्पाइडर-मैन होने के नाते उसके अंदर कुछ अजीबोगरीब बदलाव आ रहे हैं।
डेस्टिन डैनियल क्रीटॉन के निर्देशन में बनी ये मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की 38वीं फिल्म है। इसमें टॉम हॉलैंड के साथ-साथ जैकब बटालॉन और सैडी सिंक जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इस ब्लॉकबस्टर प्रोजेक्ट को केविन फीगे और एमी पास्कल ने प्रोड्यूस किया है।