'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का भारत में ऐतिहासिक रिकॉर्ड, सबसे कमाऊ हॉलीवुड फिल्म का मिला खिताब
क्या है खबर?
टॉम हॉलैंड की फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारत में फिर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया है। सोनी पिक्चर्स इंडिया ने आधिकारिक तौर पर बताया कि फिल्म 550 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, जिसके बाद यह भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है। पहले ये खिताब दिग्गज निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' (2022) के नाम था, जिसने भारत में करीब 484.36 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया था।
सफलता
पीटर पार्कर के नाम दर्ज हुआ 2026 का साल
सोनी पिक्चर्स इंडिया ने 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की सफलता का जश्न मनाते हुए लिखा, 'दुनिया भले ही पीटर पार्कर को भूल गई हो, लेकिन भारत ने यह सुनिश्चित कर दिया कि रिकॉर्ड बुक उसे कभी न भूलें। 550 करोड़ रुपये से ज्यादा और कमाई जारी है!'
मार्वल द्वारा निर्मित फिल्म ने तीसरे सप्ताहांत में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 22.80 करोड़ रुपये कमाए। 18 दिनों में इसका ग्रॉस कलेक्शन 550 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
The world may have forgotten Peter, but India made sure the record books never will. 🕷️🔥
— Sony Pictures India (@SonyPicsIndia) August 18, 2026
₹550 Cr+ and still counting! 🇮🇳🏆#SpiderManBrandNewDay in cinemas now, in English, Hindi, Tamil, Telugu, Malayalam & Kannada. Book your tickets via the link in bio! pic.twitter.com/rpmxBwUXOG
फिल्म
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने वर्ल्डवाइड भी रचा इतिहास
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की रिकॉर्ड तोड़ कमाई भारत के साथ-साथ विश्व स्तर पर भी जारी है।
इसने दुनियाभर में 2 अरब डॉलर (लगभग 20,000 करोड़ रुपये) से ज्यादा कारोबार कर लिया है। यह हॉलीवुड की दूसरी सबसे तेज फिल्म बन गई है, जिसने सिर्फ 3 हफ्ते के अंदर इन आंकड़ों को पार कर दिखाया।
इससे पहले, मार्वल की फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' (2019) ने सिर्फ 11 दिनों के अंदर यह उपलब्धि अपने नाम की थी।