Page Loader
अमिताभ के 'KBC 13' में दिखेंगे सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग
'KBC 13' में 27 अगस्त को दिखेंगे गांगुली और सहवाग

अमिताभ के 'KBC 13' में दिखेंगे सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग

Aug 21, 2021
09:50 pm

क्या है खबर?

क्विज पर आधारित रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 13' का इंतजार काफी समय से हो रहा है। इस टीवी शो को मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन होस्ट करते हैं। 'KBC 13' का प्रसारण सोनी टीवी पर 23 अगस्त से शुरू होगा। इस शो में आम लोगों के साथ-साथ देश की मशहूर हस्तियां भी शिरकत करती हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि 'KBC 13' में 27 अगस्त को पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग नजर आएंगे।

जानकारी

स्पेशल एपिसोड में हॉट सीट पर बैठेंगे गांगुली और सहवाग

क्रिकेट के मैदान पर प्रतिद्वंदियों के छक्के छुड़ाने के बाद गांगुली और सहवाग की जोड़ी 'KBC 13' में 27 अगस्त को हॉट सीट पर नजर आएगी। ये दोनों खिलाड़ी 'शानदार शुक्रवार' स्पेशल एपिसोड में होस्ट अमिताभ के सामने होंगे। 'KBC 13' के पहले शुक्रवार को गांगुली और सहवाग प्रतिभागी के रूप में शामिल होंगे, जो एक सामाजिक उद्देश्य के लिए खेलेंगे। शो के पिछले सीजन में शुक्रवार को 'करम वीर' एपिसोड प्रसारित होता था।

जानकारी

आधिकारिक घोषणा होना है बाकी

हालांकि, 'KBC 13' के मेकर्स की ओर से गांगुली और सहवाग के भाग लेने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद है कि जल्द इस संबंध में ऐलान किया जाएगा।

रिपोर्ट

इस बार शो में दर्शक भी हो पाएंगे शामिल

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दर्शक एक बार फिर इस शो की शोभा बढ़ाएंगे। बताया गया था कि चैनल ने इस शो में दर्शकों को वापस लाने का फैसला किया है। निर्माताओं का मानना ​​है कि सेट पर लाइव दर्शक एक अलग तरह की ऊर्जा लेकर आते हैं। सूत्र ने कहा था, "सेट पर लोग प्रतिभागी को चीयर करते हैं। लोग लाइफलाइन 'ऑडियंस पोल' के जरिए खेल में सहभागिता निभाते हैं।"

पहला सीजन

साल 2000 में लॉन्च हुआ था 'KBC'

'KBC' दर्शकों को पसंदीदा गेम शो रहा है। हर साल लाखों लोग इसका हिस्सा बन अपनी किस्मत आजमाते हैं। शो 'KBC' 2000 में लॉन्च हुआ था। शो का तीसरा सीजन मशहूर अभिनेता शाहरुख खान ने होस्ट किया था, जबकि शुरुआत से लेकर बचे सभी 11 सीजन अमिताभ ने ही होस्ट किए हैं। यह टीवी का एकमात्र ऐसा शो है, जो हमेशा हिट रहा है। इस शो का प्रसारण सोनी टीवी पर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे होगा।