दिशा सालियान मामले में घिरे सूरज पंचोली बोले- मुझे जीने दो, सबूत मिले तो सजा दो
क्या है खबर?
दिशा सालियान मामले में नाम घसीटे जाने पर अभिनेता सूरज पंचोली ने एक लंबा इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर चुप्पी तोड़ी है। सूरज ने कहा कि सालों से उनके बारे में जो भी गलत बातें फैलाई गई हैं, उस पर उनके पास कहने के लिए बहुत कुछ है। उन्होंने साफ कहा कि वो हर असहज सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन वो ऐसा किसी जिम्मेदार पत्रकार के सामने या सही इंटरव्यू में ही कहना चाहते हैं।
स्पष्टीकरण
न दिशा से मिला, ना आदित्य से- सूरज
सूरज ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'मैंने अपनी जिंदगी में दिवंगत दिशा सालियान या आदित्य ठाकरे से कभी मुलाकात नहीं की है न सीधेतौर पर और ना ही अप्रत्यक्ष रूप से।'
लगातार मिल रही धमकियों और गालियों पर उन्होंने लिखा, 'मैं डरने वालों में से नहीं हूं। अब जब मैं अपनी जिंदगी और करियर को दोबारा संवारने की कोशिश कर रहा हूं तो मैं चुपचाप ये सब बर्दाश्त नहीं करूंगा। अगर मैं डरता तो बाकी लोगों की तरह चुप ही रहता।'
नाराजगी
सूरज बाेले- सबूत मिले तो जो सजा मिले, भुगतने को तैयार हूं
सूरज ने आगे लिखा, 'मैं चुप रहने के बजाय आवाज उठा रहा हूं, क्योंकि मेरे पास छिपाने या भागने के लिए कुछ भी नहीं है। किसी भी राजनीतिक मुद्दे की कीमत मुझे न चुकानी पड़े। मेरी किसी से कोई दुश्मनी या राजनीतिक हित नहीं हैं। अगर इस मामले में मेरे खिलाफ एक छोटा सा भी सबूत या मेरी कोई भूमिका सामने आती है तो कानून जो भी सजा तय करेगा, मैं उसे बिना किसी सवाल के भुगतने को तैयार हूं।'
गुहार
जांच के लिए तैयार सूरज की गुहार
सूरज ने आगे लिखा, 'मैंने हमेशा पुलिस और प्रशासन का सहयोग किया है, हर सवाल का जवाब दिया है और हर वक्त उपलब्ध रहा हूं। मैं किसी भी तरह की जांच का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। मेरी बस इतनी गुजारिश है कि सच को पूरी निष्पक्षता के साथ सामने लाया जाए। मुझे डर सिर्फ इस बात का है कि कहीं बिना किसी गलती के मेरी जिंदगी के और साल बर्बाद न हो जाएं।'
इंतजार
सूरज सही मंच मिलते ही खाेलेंगे सारे राज
सूरजे ने अनुरोध किया कि उन्हें अपनी जिंदगी वापस जीने दी जाए।
उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक होने से पहले लंबा पोस्ट लिखकर बताया कि वो खुद पर लगे आरोपों पर खुलकर बोलना चाहते हैं। उन्हें ब्लॉक होने की वजह समझ नहीं आई।
अभिनेता ने कहा कि सही मंच और तथ्य आधारित सवाल पूछने वाला पत्रकार मिलते ही वो हर सवाल का सीधा जवाब देंगे। उन्होंने कैमरे के सामने चिल्लाकर मामलों को सनसनीखेज बनाने की कड़ी निंदा की।
wed
'बिना पूछे मान ली गईं कई बातें- सूरज
सूरज ने कहा कि उनके बारे में बिना सीधे सवाल पूछे कई बातें मान ली गईं। वो सालों से चुप हैं, लेकिन सही मौका मिलने पर हर सवाल का ईमानदारी और बिना डर के जवाब देंगे।
ये बयान दिशा सालियान मौत मामले में उनके कनेक्शन को लेकर फिर से शुरू हुई चर्चाओं के बीच आया है।
हालांकि, सूरज ने 2020 में ही साफ कर दिया था कि वो दिशा से कभी नहीं मिले और उनसे उनका कोई संबंध नहीं है।