सोनी पिक्चर्स का बड़ा कदम, अक्टूबर में लॉन्च करने जा रहा अपना पहला तमिल मनोरंजन चैनल 'सोनी विझा'
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) अपना पहला तमिल जनरल एंटरटेनमेंट चैनल 'सोनी विझा इसी अक्टूबर में लॉन्च करने जा रहा है।
इस नए चैनल पर दर्शकों को ऑरिजिनल फिक्शन (धारावाहिक), अंतरराष्ट्रीय रियलिटी शो, फिल्में और बड़े टीवी कार्यक्रमों का शानदार संगम देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि इसे टीवी चैनलों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी आसानी से देखा जा सकेगा।
इस चैनल के नाम और लोगो का अनावरण 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के एक विशेष कार्यक्रम में किया गया, जहां बच्चों द्वारा प्रस्तुत 'तमिल थाई वाझथु' (तमिल राष्ट्रगान) के साथ इसकी भव्य शुरुआत की गई।
खास है सोनी विझा का लोगो
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया साउथ के चीफ कंटेंट ऑफिसर राज रमन सुंदरम के अनुसार, 'सोनी विझा' तमिल संस्कृति, परंपराओं और नई पीढ़ी की सोच को समर्पित एक चैनल है।
'विझा' का अर्थ होता है उत्सव और ये चैनल तमिल कहानियों, कला, संगीत और मनोरंजन का एक बड़ा उत्सव बनेगा। इसके नए लोगो में हल्दी और गेंदे जैसा पीला रंग और चमकदार नीला रंग इस्तेमाल किया गया है, जो तमिल संस्कृति के साथ-साथ एक आधुनिक लुक भी देता है।