नेशनल ज्योग्राफिक के शो की मेजबानी करेंगे सोनू सूद, 26 अक्टूबर से होगा प्रसारण
क्या है खबर?
अभिनेता सोनू सूद किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। इस साल आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 15 अगस्त को नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया ने सोनू के साथ एक प्रोजेक्ट का ऐलान किया था।
इस प्रोजेक्ट का नाम 'इट हैपंस ओनली इन इंडिया' रखा गया है। इस शो को सोनू होस्ट करेंगे, जहां वह देश भर की कुछ दिलचस्प कहानियों को प्रस्तुत करेंगे।
इस सीरीज को 10 भागों में रिलीज किया जाएगा, जिसका प्रसारण आगामी 26 अक्टूबर से शुरू होगा।
सूचना
सोनू से बेहतर मेजबान के बारे में नहीं सोच सकते थे- मेकर्स
मेकर्स ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया है। चैनल से जुड़े एक प्रवक्ता ने कहा कि 'इट हैपंस ओनली इन इंडिया' का उद्देश्य कई क्षेत्रों में फैली भारत की विशिष्टता का जश्न मनाना है।
उन्होंने कहा, "हम इन समृद्ध कहानियों को पेश करने के लिए सोनू से बेहतर मेजबान के बारे में नहीं सोच सकते थे।"
कोरोना काल में सोनू एक यूथ आइकॉन के तौर पर उभरे हैं। इस दरमियान उन्होंने हजारों लोगों की मदद की है।
बयान
खुशी है कि मैं इस यात्रा का हिस्सा हूं- सोनू
सोनू ने कहा कि यह शो दर्शकों को इस देश का नागरिक होने पर गर्व महसूस कराएगा।
उन्होंने कहा, "आप भारत के बारे में कितना भी जान लें, आप इसके बारे में बहुत अधिक नहीं जान पाएंगे। यह शो दर्शकों को एक आकर्षक यात्रा पर ले जाएगा। देश की विविधता से जुड़ी अविश्वसनीय कहानियां हैं, जो अभी तक सामने नहीं आई हैं। मैं वास्तव में खुश हूं कि मुझे इस यात्रा का हिस्सा बनने का मौका मिला।"
टीजर
टीजर को लोगों ने किया था पसंद
प्रोजेक्ट के कॉन्सेप्ट के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। कुछ समय पहले इसका एक टीजर वीडियो जारी किया गया था, जिसे लोगों ने पसंद किया था।
इस टीजर वीडियो में सोनू ने कहा था, "आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिन्द। 'इट हैपंस ओनली इन इंडिया' बहुत जल्द नेशनल ज्योग्राफिक पर आ रहा है।"
अब मेकर्स ने इसका एक नया टीजर भी जारी कर दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए शो का नया टीजर
India is a land of fascinating mysteries, artistic beauty, innovations, and wonderful beings. Join us as we unveil some of the unheard stories about this quirky land. Watch It Happens Only In India, premieres 26th Oct, 8 PM, on National Geographic. #NatGeoIndia @SonuSood pic.twitter.com/VycblkuTqV
— Nat Geo India (@NatGeoIndia) October 21, 2021
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में नजर आएंगे सोनू
सोनू के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पृथ्वीराज' में देखा जा सकता है। फिल्म का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है।
इस फिल्म में सोनू को दरबारी कवि की भूमिका में देखा जाएगा। वह मार्च में रिलीज हुई जॉन अब्राहम की फिल्म 'मुंबई सागा' में भी नजर आए हैं।
इसके अलावा उन्हें निर्देशक ई निवास की आगामी फिल्म 'किसान' में अभिनय करते हुए देखा जा सकता है।