
सोनू निगम पर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री लगा सकती है प्रतिबंध, जानिए क्या है पूरा मामला
क्या है खबर?
गायक सोनू निगम इन दिनों विवादों से घिरे हुए हैं। उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु कॉन्सर्ट के दौरान फैन की कन्नड़ गाने की मांग को पहलगाम की आतंकी घटना से जोड़ दिया था, जिसके बाद बवाल खड़ा हो गया। कन्नड़ समुदाय उनकी उस बात से इतना नाराज हो गया कि मामला पुलिस तक जा पहुंचा। अब जो खबर आ रही है, उससे निगम के प्रशंसक परेशान हो जाएंगे। दरअसल, कन्नड़ इंडस्ट्री निगम पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है।
रिपोर्ट
कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बुलाई बैठक
जूम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है। आज यानी 5 मई को बेंगलुरु में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स संगठन के सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कुछ म्यूजिक निर्देशक, फिल्म निर्देशक और फिल्म निर्माता भी शिरकत करेंगे। बैठक में निगम को भविष्य की कन्नड़ फिल्मों से दूर रखने पर चर्चा हो सकती है।
बयान
फैन ने शो में की कन्नड़ गाना गाने की मांग
निगम ने कुछ दिन पहले बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में प्रस्तुति दी थी। वह हिंदी गाने गा रहे थे, इसी बीच एक फैन उन्हें कन्नड़ में गाना गाने के लिए धमकाने लगा। गुस्साए गायक बोले, "यही कारण है, पहलगाम में जो हुआ था ना.... यही कारण है जो तुम कर रहे हो, जो अभी किया था। देखो तो सामने कौन खड़ा है।" इसके बाद एक कन्नड़ समर्थक संगठन ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की है।