Page Loader
अनु मलिक की दबंगई से डरते थे सोनू निगम, फिर ऐसे सीखा उनसे निपटना
अनु मलिक से डरते थे सोनू निगम

अनु मलिक की दबंगई से डरते थे सोनू निगम, फिर ऐसे सीखा उनसे निपटना

Oct 07, 2023
06:53 pm

क्या है खबर?

सोनू निगम आज के दौर के सबसे लोकप्रिय गायकों में से एक हैं। उनकी आवाज सीधा प्रशंसकों के दिलों में उतरती है। इस मुकाम तक पहुंचने से पहले सोनू ने खूब संघर्ष भी किया। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया है कि कैसे शुरुआत में अनु मलिक उन्हें परेशान किया करते थे और उन्हें उनसे डर लगता था। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी संगीतकार के साथ उनकी कोई अनबन नहीं है, क्योंकि उनका कोई एजेंडा नहीं है।

बयान

दबंगई करते थे अनु मलिक- सोनू निगम

एक एंटरटेनमेंट पोर्टल से बातचीत में उन्होंने अनु मलिक से पहली मुलाकात के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "पहले मैं उनसे डर जाता था। मैं संगीत जगत में नया था। वह मेरे साथ दबंगई करते थे क्योंकि वह मुझसे बड़े थे और उनके पास ज्यादा अनुभव था।" सोनू ने बताया कि उन दिनों उन्हें अनु मलिक से बहुत डर लगता था। हालांकि, अब दोनों के बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं।

बयान

सोनू ने अनु मलिक को बताया गुरु

सोनू ने बताया कि जब वह 14 साल के थे, तब एक प्रतियोगिता में पहली बार अनु से मिले थे। अनु ने उनके पिता से कहा था, "जब यह बड़ा हो जाएगा, तो इसे लेकर आइएगा।" उन्होंने कहा, "जब मैं मुंबई आया, तो मैं और मेरे पिता उनसे मिलने गए। शुरू में उनसे बहुत डर लगता था। धीमे-धीमे मैं उनके साथ रहना सीख गया। जितना दबोगे, उतना दबाएंगे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। वह मेरे गुरु जी हैं।"

कुमार सानू 

कुमार सानू को भी अनु से लगता था डर

इससे पहले एक बातचीत में कुमार सानू ने भी अनु मलिक के बारे में ऐसी ही बातें कही थीं। उन्होंने कहा था कि अनु के साथ काम करने में उन्हें डर लगता था। उन्होंने बताया था कि एक बार उनके गाने पर टिप्पणी की, "छी क्या गाया है" और कमरे से बाहर चले गए। हालांकि, वह बाद में आए और उनके गले भी लगे। सानू ने कहा था, "अनु मलिक थोड़ा खडूस टाइप का है, कभी बढ़ावा नहीं देता।"

सोनू निगम

4 साल की उम्र से गा रहे हैं सोनू

सोनू ने 4 साल की उम्र से अपने पिता के साथ स्टेज शो करना शुरू किया था। 1991 में वह मुंबई आए और फिर काफी संघर्ष के बाद उन्हें 'जनम' फिल्म में गाना मिला, लेकिन ये फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। इसके बाद 'सारेगामापा' शो होस्ट करने के दौरान उनकी मुलाकात गुलशन कुमार से हुई। उन्होंने सोनू को 'बेवफा सनम' का गाना 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

सोनू को 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने गायकी के अलावा अभिनय क्षेत्र में भी हाथ आजमाया है। वह 'प्यारा दुश्मन', 'उस्ताद उस्तादी से', 'लव इन नेपाल', 'बेताब', 'हमसे है जमाना', 'तकदीर' और 'जानी दुश्मन' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए हैं।