मां बनने के बाद करियर लेगा बैकसीट? जानिए क्या बोलीं सोनम कपूर
अभिनेत्री सोनम कपूर बीती शनिवार को मां बन गई हैं। 20 अगस्त को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। सोनम और उनके पति आनंद आहूजा ने इंस्टाग्राम पर यह खुशखबरी शेयर की थी। इसके साथ ही सोनम के साथ-साथ अनिल कपूर के प्रशंसक भी उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं। इस खबर के साथ ही इस बात की चर्चा है कि सोनम मां बनने के बाद पर्दे पर कब वापसी करेंगी। एक इंटरव्यू में सोनम ने इसपर अपनी योजना बताई।
अब बच्चा मेरी प्राथमिकता होगा- सोनम
वोग को दिए एक इंटरव्यू में सोनम ने बताया कि बच्चे के आने के बाद वह अपने ऐक्टिंग करियर को कितना तवज्जो देंगी। सोनम ने कहा, "मैं कभी भेड़चाल नहीं चल रही थी। मैं बस अपना काम कर रही थी। मैं अब भी वही करुंगी। प्राथमिकताएं बदलती हैं, अब मेरा बच्चा मेरी प्राथमिकता होगा। बच्चे इस दुनिया में आना नहीं चुनते हैं, हम उन्हें लाना चुनते हैं। एक मां के रूप में मुझे जो कुछ भी करना चाहिए, मैं करुंगी।"
आनंद और सोनम मिलकर निभाएंगे जिम्मेदारियां
सोनम ने कहा कि करियर भले ही बैकसीट पर होगा पर वह पूरी तरह काम करना नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने आनंद के साथ जिम्मेदारियां बांटने पर भी बात की। बच्चे की देखभाल में मदद करने के लिए आनंद अपने काम से छुट्टियां लेने वाले हैं। सोनम याद करती हैं कि वह अपने पिता के साथ 'रूप की रानी चोरों का राजा' के सेट पर जाती थीं क्योंकि मां उनके छोटे-भाई बहनों की देखभाल में व्यस्त होतीं।
इन फिल्मों में सराहा गया सोनम का काम
सोनम कपूर ने 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'दिल्ली 6' में नजर आईं। 'रांझणा', 'भाग मिल्खा भाग', 'खूबसूरत' और 'नीरजा' जैसी फिल्मों में उनके प्रदर्शन को काफी सराहा गया। फिल्म 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' में वह अपने पिता अनिल कपूर के साथ नजर आईं। फिल्मों में दोनों बाप-बेटी की भूमिका में नजर आए थे। फिल्मों के अलावा सोनम अपने फैशन सेंस के लिए चर्चित हैं।
परिवार और करियर में किसने किसे दी तवज्जो?
हाल ही में आलिया भट्ट ने मां बनने के बाद करियर के सवाल पर कहा था कि वह पेशेवर जिंदगी और अपने परिवार पर बराबर का ध्यान देंगी। करीना कपूर पिछले साल दूसरी बार मां बनी हैं। दोनों ही बार प्रेग्नेंसी के दौरान और मां बनने के बाद वह काम में व्यस्त नजर आईं। वहीं, ऐश्वर्या राय बच्चन, माधुरी दीक्षित जैसी अभिनेत्रियों ने मां बनने के बाद काम से ब्रेक लेने का फैसला किया था।