Page Loader
सोनम कपूर-आनंद आहूजा के घर गूंजी किलकारी, बेटे का हुआ जन्म
सोनम कपूर ने दिया बेटे को जन्म

सोनम कपूर-आनंद आहूजा के घर गूंजी किलकारी, बेटे का हुआ जन्म

Aug 20, 2022
04:39 pm

क्या है खबर?

सोनम कपूर की प्रेग्नेंसी की लंबे समय से चर्चा थी। इस दौरान वह अपनी तस्वीरें और अपनी दिनचर्या लगातार लोगों के साथ सोशल मीडिया पर शेयर करती रहीं। अब आखिरकार सोनम के घर में किलकारी गूंज उठी है। सोनम ने शनिवार को एक बेटे को जन्म दिया है। यह खबर प्रशंसकों के साथ नीतू कपूर ने शेयर की। नीतू ने सोनम और आनंद की तरफ से भेजी गई खुशखबरी की तस्वीर शेयर कर यह जानकारी दी।

नोट

सोनम ने इंस्टाग्राम पर दी खुशखबरी

सोनम कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में यह खबर शेयर की है। सोनम द्वारा शेयर किए गए इस कार्ड में लिखा है, '20.08.2022 को हमने झुके सिर और खुले हृदय से अपने सुंदर बेटे का स्वागत किया है। डॉक्टर्स, नर्स, दोस्त, परिवार समेत उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने इस सफर में हमारा साथ दिया। यह बस शुरुआत है लेकिन हम जानते हैं कि हमारी जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई है। - सोनम और आनंद'

बधाई

फिल्मी सितारें और प्रशंसक दे रहे बधाई

सोनम कपूर ने ब्लू हार्ट इमोजी के साथ इंस्टाग्राम पर एक प्यारा सा पोस्ट शेयर किया है। उनके पोस्ट पर बधाइयों की झड़ी लग गई। परिवार, दोस्त, फिल्म सिलेब्रिटी और प्रशंसक उनके पोस्ट पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। कृति सैनन ने सोनम के इस पोस्ट पर उन्हें बधाई दी। मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर ने लिखा कि वह उन दोनों को याद कर रही हैं। इनके अलावा फिल्म जगत की कई हस्तियां नए माता-पिता को शुभकामनाएं दे रही हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

सोनम ने इंस्टाग्राम पर दी खुशखबरी

अनिल कपूर

अनिल कपूर को भी बधाई दे रहे उनके साथी

इधर अनिल कपूर और सुनीता कपूर के साथी उन्हें नाना-नानी बनने की बधाइयां दे रहे हैं। निर्देशक फराह खान ने भी सोनम और आनंद के इस कार्ड को शेयर करते हुए उन्हें माता-पिता और अनिल-सुनीता को नाना-नानी बनने की बधाई दी। वहीं अनिल ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक अलग कार्ड के साथ यह खुशी शेयर की है। अनिल के पोस्ट पर रितेश देशमुख, रिद्धिमा कपूर और नीलम कोठारी ने बधाई दी।

प्रेग्नेंसी

मार्च में दी थी प्रेग्नेंसी की खबर

इस साल मार्च में सोनम ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर दी थी। इस दौरान वह सोशल मीडिया पर खूब ऐक्टिव रहीं और प्रेग्नेंसी से संबंधित पोस्ट्स शेयर करती रहीं। उन्होंने बेबी बंप के साथ प्रेग्नेंसी फोटोशूट की तस्वीरें भी शेयर की थीं। प्रेग्नेंसी की खबर से परिवार के साथ उनके प्रशंसक भी बेहद खुश हुए थे। बता दें, सोनम और आनंद की 2018 में शादी हुई थी। इसके बाद से सोनम ज्यादातर पति के साथ लंदन में रहती हैं।

बेबी शावर पार्टी

चर्चा में थी बेबी शावर पार्टी

सोनम अपने पति के साथ लंदन में रह रही थीं। हालांकि, प्रेग्नेंसी के बचे हुए दिनों के लिए वह बीती जुलाई मुंबई लौट आई थीं। मुंबई में उनके पैरेंट्स अनिल और सुनीता सोनम की गोदभराई के लिए भव्य पार्टी का आयोजन करने वाले थे। मीडिया में भी इस पार्टी की खूब चर्चा थी। हालांकि, कोरोना को देखते हुए परिवार ने मां और बच्चे को सुरक्षित रखने का फैसला लिया और ऐन मौके पर यह पार्टी रद्द हो गई।