सोनाली कुलकर्णी से निर्देशक की अजीब मांग, बोलीं- कहा था साड़ी पहनकर मेरे कमरे में आओ
क्या है खबर?
अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने साथ हुए असहज अनुभवों पर खुलकर बात की है। जूम को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि कैसे एक सह-कलाकार ने उन्हें गलत तरीके से छुआ, जिस पर उन्होंने तुरंत आपत्ति जताई और उससे माफी मंगवाई। इसके अलावा एक निर्देशक ने उन्हें साड़ी पहनकर अपने घर के कमरे में कहानी सुनने की शर्त रखी थी। सोनाली के मुताबिक, महिलाओं को अपने हक के लिए बोलना बेहद जरूरी है।
खुलासा
सेट पर को-स्टार ने लांघी सीमा, टोकने पर मांगी माफी
फिल्म सेट पर अनुचित व्यवहार के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री सोनाली ने खुलासा किया कि उन्होंने ऐसे सह-कलाकारों का सामना किया है, जिन्होंने व्यक्तिगत सीमाएं लांघीं।
चुप रहने के बजाय सोनाली ने तुरंत उस व्यवहार का विरोध किया। उन्होंने बताया, "मुझमें सीधे कहने की हिम्मत थी कि 'अंकल, आप गलत कर रहे हैं, हम ऐसा नहीं कर सकते'।"
सोनाली ने कहा कि उनके सीधे टोकने पर उस सह-कलाकार ने अपनी गलती मानी और माफी मांग ली।
सलाह
"अपनी 'छठी इंद्रिय' पर भरोसा करें"
सोनाली ने कहा कि सह-कलाकार के माफी मांगने पर उन्होंने बात बढ़ाना सही नहीं समझा, लेकिन महिलाओं को चुप रहने के बजाय अपनी सीमाएं तय करनी चाहिए।
उन्होंने समाज की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं से अक्सर नाजुक, मृदुभाषी और असहज स्थितियों को भी स्वीकार करने की उम्मीद की जाती है।
सोनाली ने सभी लड़कियों को सलाह दी कि वे ऐसी परिस्थितियों में हमेशा अपनी 'छठी इंद्रिय' पर भरोसा करें।
वाकया
सोनाली को निर्देशक ने दिया था घर आने का प्रस्ताव
सोनाली ने एक और हैरान करने वाला अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक निर्देशक-निर्माता ने उन्हें मीटिंग के लिए अपने घर साड़ी पहनकर आने और अंदर कमरे में कहानी सुनने की शर्त रखी थी।
उन्होंने बताया कि उस वक्त उनके मैनेजर ने भी उन्हें इस मीटिंग के लिए जाने की सलाह दी थी, लेकिन अपनी सहजता और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सोनाली ने वहां जाने से साफ इनकार कर दिया था।