'सोहला' लेकर आ रहीं सोनाली बेंद्रे, कहानी में छुपी है बचपन की यादें
सोनाली बेंद्रे फिल्म 'सोहला' के लिए प्रेजेंटर की नई भूमिका में आ गई हैं। यह फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म की कहानी 13 साल के पश्या नाम के एक लड़के पर आधारित है। वह अपनी पारंपरिक 'बड़े होने की सेरेमनी' का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
यह दिन नए कपड़ों, मिठाइयों और बड़े जश्न से भरा होता है। फिल्म का ट्रेलर पश्या की इस उत्सुकता और बड़े होते हुए मिलने वाली साधारण खुशियों की एक दिल छू लेने वाली झलक दिखाता है।
क्या है 'सोहला' की कहानी?
साईकत बागबान ने 'सोहला' का निर्देशन किया है, जिसमें प्रवीण दालींबकर और देवदत्त प्रशांत गोने मुख्य भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म एक गांव की पृष्ठभूमि में बचपन की दोस्ती और पारिवारिक रिश्तों की गहराई को दिखाती है। फिल्म के केंद्र में 'सोहला' सेरेमनी है, जहां पश्या पहली बार अपने पिता की चप्पलें पहनता है।
यह पल उसके बड़े होने और जिम्मेदारी संभालने का प्रतीक है। सोनाली को उम्मीद है कि दर्शक इन साधारण, लेकिन खास पलों में अपनी कहानियों को भी देख पाएंगे।