LOADING...
सोनाक्षी सिन्हा बदलेंगी अपना धर्म? होने वाले पति जहीर इकबाल के पिता ने कही ये बात
जहीर संग शादी करने के लिए धर्म बदलेंगी सोनाक्षी सिन्हा?

सोनाक्षी सिन्हा बदलेंगी अपना धर्म? होने वाले पति जहीर इकबाल के पिता ने कही ये बात

लेखन पलक
Jun 22, 2024
03:36 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। अभिनेत्री अपने बॉयफ्रेंड और अभिनेता जहीर इकबाल के साथ 23 जून को शादी करने वाली हैं। दोनों की शादी के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू हो चुके हैं। इन सबके बीच खबरें आ रही हैं कि दूसरे धर्म में शादी करने के बाद सोनाक्षी अपना धर्म बदलेंगी। इन खबरों पर अब आखिरकार अभिनेत्री के होने वाले ससुर इकबाल रतनसी ने चुप्पी तोड़ी है। चलिए जानते हैं वह क्या बोले।

अफवाह

धर्म परिवर्तन नहीं करेंगी सोनाक्षी- इकबाल

फ्री प्रेस जरनल को दिए इंटरव्यू में, जहीर के पिता इकबाल ने सोनाक्षी के धर्म परिवर्तन की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा, "सोनक्षी धर्म परिवर्तन नहीं कर रही हैं। जहीर और उनका मिलन दिलों का मिलन है और इसमें धर्म की कोई भूमिका नहीं है।" उन्होंने यह भी कहा, "मैं मानवता में विश्वास करता हूं। हिंदू भगवान को भगवान कहते हैं और मुसलमान अल्लाह कहते हैं। लेकिन आखिरकार, हम सभी इंसान हैं। मेरा आशीर्वाद जहीर-सोनाक्षी के साथ है।"

शादी

शादी में नहीं होंगे किसी भी धर्म के समारोह 

इकबाल ने बताया कि जहीर और सोनक्षी की शादी में कोई भी धार्मिक समारोह या अनुष्ठान नहीं होगा। उन्होंने पुष्टि की, "यह एक सिविल विवाह होगा, जिसमें ना तो हिंदू और ना ही कोई मुस्लिम रीति-रिवाज होंगे।" यह जोड़ा कथित तौर पर स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के प्रावधानों के तहत शादी के बंधन में बंध रहा है। इकबाल के अनुसार, दोनों कार्टर रोड स्थित उनके आवास पर शादी रचाएंगे। दोनों की शादी में परिवार के सदस्य मौजूद रहेंगे।

जानकारी

क्या है स्पेशल मैरिज एक्ट 1954?

स्पेशल मैरिज एक्ट 1954 के तहत दो अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखने वाले लोग शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इसके तहत शादी रजिस्टर कराने के लिए धर्म बदलने की जरूरत नहीं होती है। बता दें, जहां सोनाक्षी हिंदू हैं, वहीं जहीर मुस्लमान हैं।

मंजूरी

सोनाक्षी की शादी को मिली शत्रुघ्न से मंजूरी

सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी आखिरकार अपनी लाडली बेटी की शादी को मंजूरी दे दी है। उन्होंने यह भी साफ किया कि पहले परिवार में इस शादी को लेकर तनाव था। वह बोले, "शादी से पहले झगड़े परिवार में झगड़े और तनाव आम बात है। हालांकि, अब जो भी तनाव था उसे सुलझा लिया गया है और सबकुछ ठीक है।" उनके अनुसार वह और उनका पूरा परिवार सोनाक्षी और जहीर की शादी में शरीक होगा और मस्ती करेगा।

लव स्टोरी

सलमान ने कराई थी सोनाक्षी-जहीर की मुलाकात

सोनाक्षी और जहीर मुंबई में 23 जून को शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। उसी दिन शाम को शिल्पा शेट्टी के होटल बैस्टियन में शानदार रिसेप्शन पार्टी होगी। सोनाक्षी और जहीर की पहली मुलाकात सलमान खान ने कराई थी। इसके बाद दोनों दोस्त बने और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। बता दें, दोनों पिछले 7 सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। पहली मुलाकात कराने के साथ सलमान ने दोनों को इंडस्ट्री में लॉन्च भी किया।