Page Loader
साेनाक्षी सिन्हा ने शादी के बाद क्यों नहीं बदला धर्म? बोलीं- सवाल ही पैदा नहीं होता

साेनाक्षी सिन्हा ने शादी के बाद क्यों नहीं बदला धर्म? बोलीं- सवाल ही पैदा नहीं होता

Feb 27, 2025
02:53 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा पिछले साल रितेश देशमुख के साथ फिल्म 'काकुड़ा' में नजर आई थीं। हालांकि, अभिनेता जहीर इकबाल से शादी करने के बाद से सोनाक्षी ब्रेक पर हैं। उनकी किसी नई फिल्म का ऐलान नहीं हुआ है। सोनाक्षी ने जब से जहीर से शादी की है, वह ट्रोलर्स के निशाने पर रही हैं। अलग धर्म में शादी करने के चलते उन्हें लोगों से जमकर खरी-खोटी सुनने को मिली है। हाल ही में सोनाक्षी ने इस पर खुलकर बात की।

रिश्ता और धर्म

सोनाक्षी-जहीर के बीच धर्म कभी नहीं रहा मुद्दा 

सोनाक्षी और जहीर इकबाल 23 जून, 2024 में शादी के बंधन में बंधे थे। उनकी इस शादी के लेकर सोशल मीडिया पर खूब सवाल उठे और इसके पीछे का कारण दोनों का अलग-अलग धर्मों का होना है। सोनाक्षी जहां हिंदू धर्म से ताल्लुक रखती हैं, वहीं जहीर मुस्लिम धर्म से हैं। हाउटेरफ्लाई के साथ एक इंटरव्यू में सोनाक्षी ने कहा कि उनके बीच कभी धर्म को लेकर बात नहीं होती और ना ही कभी ये उनके लिए बड़ा मुद्दा रहा।

दो टूक

"हम बस प्यार में थे और शादी करना चाहते थे"

सोनाक्षी ने कहा, "हम धर्म को लेकर नहीं सोच रहे थे। हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे और हमने वही किया। न तो उन्होंने मुझ पर अपना धर्म थोपा और ना ही मैंने ऐसा कुछ करने को कहा था। हम तो इस बारे में कभी बात तक नहीं करते। घर में कुछ रीति-रिवाज उनके होते हैं, कुछ हमारी तरफ से होते हैं और हम बस एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हैं।"

प्यार

सबसे जरूरी है कि दो प्यार करने वाले शादी करके एक हो गए- सोनाक्षी

सोनाक्षी बोलीं, "जहीर भी मेरे परिवार और मेरा सम्मान करते हैं। हमारे लिए शादी करने का सबसे अच्छा तरीका विशेष विवाह अधिनियम के तहत था, जहां मुझे एक हिंदू महिला के रूप में अपना धर्म बदलने की जरूरत नहीं थी और ना ही जहीर को अपना धर्म बदलना था। दो प्यार करने वाले शादी के लिए साथ आए, यही जरूरी था। धर्म परिवर्तन का तो कभी सवाल ही पैदा नहीं हुआ। हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं, ये काफी है।"

पहली मुलाकात

सलमान खान के जरिए हुआ था सोनाक्षी-जहीर का मिलन

बता दें कि सोनाक्षी-जहीर की पहली मुलाकात सलमान खान की पार्टी में हुई थी। यहीं पहली बार दोनों मिले और उनकी दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। फिर धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। जहां सलमान ने साेनाक्षी को अपनी फिल्म 'दबंग' से बॉलीवुड में लॉन्च किया, वहीं जहीर को फिल्माें के दर्शन कराने वाले भी सलमान ही हैं। उन्होंने अपनी फिल्म 'नोटबुक' से उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक दिया था।