Page Loader
सोनाक्षी सिन्हा की पिछली 5 फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड, तीसरी वाली तो हुई सुपर-डुपरहिट
सोनाक्षी सिन्हा की पिछली 5 फिल्मों का हाल जानिए (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@aslisona)

सोनाक्षी सिन्हा की पिछली 5 फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड, तीसरी वाली तो हुई सुपर-डुपरहिट

Jun 27, 2025
07:25 am

क्या है खबर?

सोनाक्षी सिन्हा काफी समय से फिल्म 'निकिता रॉय' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। उनकी यह फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्देशक सोनाक्षी के भाई कुश सिन्हा हैं। इस फिल्म के जरिए सोनाक्षी लगभग 3 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की हैं। यही वजह से उनकी इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। आइए सोनाक्षी की सिनेमाघरों में आईं पिछली 5 फिल्मों और बॉक्स ऑफिस पर उनके प्रदर्शन के बारे में जानें।

#1

'कलंक' 

शुरुआत करते हैं फिल्म 'कलंक' से, जो 17 अप्रैल, 2019 को रिलीज हुई थी। अभिषेक वर्मन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोनाक्षी के अलावा वरुण धवन, आलिया भट्ट, आदित्य रॉय कपूर, माधुरी दीक्षित और संजय दत्त जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आए थे। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर यह बुरी तरह पिटी। 150 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'कलंक' ने 84.60 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#2

'खानदानी शफाखाना'

सोनाक्षी की फिल्म 'खानदानी शफाखाना' को 2 अगस्त, 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इस फिल्म में वरुण शर्मा, अन्नू कपूर और रैपर बादशाह ने भी अभिनय किया था। इस फिल्म से निर्माताओं को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी। 'खानदानी शफाखाना' ने टिकट खिड़की पर 3.83 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इसका बजट 24 करोड़ रुपये था। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

#3

'मिशन मंगल'

इस फेहरिस्त में साल 2019 में आई फिल्म 'मिशन मंगल' का नाम भी शामिल है। सोनाक्षी के अलावा इस फिल्म में अक्षय कुमार, विद्या बालन, तापसी पन्नू, नित्या मेनन, कीर्ति कुल्हारी और शरमन जोशी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। केवल 40 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'मिशन मंगल' ने बॉक्स ऑफिस पर 203.08 करोड़ रुपये जुटाए थे। जगन शक्ति इस फिल्म के निर्देशक थे। यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकती है।

#4

'दबंग 3'

सोनाक्षी की फिल्म 'दबंग 3' को काफी पसंद किया गया था। यह फिल्म 20 दिसंबर, 2019 को दर्शकों के बीच आई थी और इसका निर्देशन प्रभु देवा ने किया था। सलमान खान इस फिल्म के हीरो थे। सई मांजरेकर, सुदीपा और अरबाज खान ने भी इस फिल्म में अपनी अदाकारी का तड़का लगाया था। 'दबंग 3' ने बॉक्स ऑफिस पर 151.45 करोड़ रुपये बटोरे थे। इस फिल्म का बजट 90 करोड़ रुपये था। फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#5

'डबल XL'

सोनाक्षी पिछली बार फिल्म 'डबल XL' में नजर आई थीं। उनकी यह फिल्म 4 नवंबर, 2022 को रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन सत्रम रमानी ने किया था। इस फिल्म में सोनाक्षी के साथ हुमा कुरैशी, जहीर इकबाल और महत राघवेंद्र जैसे कलाकार नजर आए थे। 15 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'डबल XL' ने बॉक्स ऑफिस पर 1.12 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।