Page Loader
पेट्रोल पंप पर कॉफी बेचती थीं शबाना आजमी, जानिए उनके जीवन की दिलचस्प बातें

पेट्रोल पंप पर कॉफी बेचती थीं शबाना आजमी, जानिए उनके जीवन की दिलचस्प बातें

Sep 21, 2020
08:45 am

क्या है खबर?

अभिनेत्री शबाना आजमी का जन्म 18 सितंबर, 1950 को हुआ था और उनकी उम्र 70 साल से ज्यादा हो चुकी है। शबाना के जीवन के कई किस्से हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते होंगे। उनकी मां शौकत आजमी की ऑटोबायोग्राफी 'कैफी एंड आई मेमॉयर' में उनसे जुड़ी कई बातों का खुलासा हुआ था। आज हम शबाना से जुड़े कुछ किस्सों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में शायद ही अपने पहले सुना हो।

#1

शबाना ने बचपन में दो बार की थी आत्महत्या कि कोशिश

शबाना ने बचपन में दो बार आत्महत्या की कोशिश की थी। पहली बार उन्होंने नौ साल की उम्र में स्कूल की लेबोरेट्री में कॉपर सल्फेट खा लिया था, क्योंकि उनको लगता था कि उनकी मां उनसे ज्यादा उनके छोटे भाई को प्यार करती हैं। दूसरी बार शबाना की मां ने उनके व्यवहार से परेशान होकर उन्हें घर से निकल जाने को कहा। इसके बाद शबाना ने ट्रेन के आगे कूदने की कोशिश की, हालांकि गार्ड ने उन्हें बचा लिया।

#2

माता-पिता से कभी नहीं मांगे एक्स्ट्रा पैसे

शौकत आजमी ने अपनी किताब में लिखा है, "मैं शबाना को जुहू से सांताक्रूज स्टेशन तक बस के लिए 30 पैसे रोज देती थी। अगर उसे स्नैक्स के लिए पैसों की जरुरत होती थी, तो वह जुहू चौपाटी पर ही उतर कर पांच पैसे बचा लेती थी।" इस तरह शबाना ने अपनी अन्य जरूरतों के लिए अपने माता-पिता से कभी एक्स्ट्रा पैसे नहीं मांगे। इसके बारे में शबाना की मां को उनकी बेस्ट फ्रेंड परना ने बताया था।

जानकारी

कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले तीन महीने तक पेट्रोल पंप पर कॉफी बेची

परिवार की मदद के लिए शबाना ने स्कूल में फर्स्ट डिविजन से पास होने के बाद और कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले तीन महीने तक पेट्रोल पंप पर कॉफी बेची थी। कॉफी बेचकर वे रोजाना 30 रुपये कमाती थीं।

#4

शेखर कपूर के साथ रिलेशनशिप में थी शबाना

जावेद अख्तर से पहले शबाना कई सालों तक 'बैंडिट क्वीन' के निर्देशक शेखर कपूर के साथ रिलेशनशिप में थीं। इसके बारे में उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में बताया था। हालांकि, दोनों कुछ सालों बाद आपसी सहमति से अलग हो गए थे। शबाना ने इंटरव्यू में यह भी कहा था कि शेखर से अलग होने के बाद भी उन्होंने उनके साथ एक फिल्म की थी। उस फिल्म के निर्देशक शेखर थे, जबकि उनकी पत्नी मेधा सह-निर्देशक थीं।

#5

शशि कपूर पर था शबाना का क्रश

अभिनेता शशि कपूर पर कभी शबाना का क्रश था। इसके बारे में उन्होंने 2004 में एक इंटरव्यू के दौरान बाताया था। शबाना ने बताया था, "शशि और उनकी पत्नी जेनिफर हमारे पारिवारिक मित्र थे। उनके पिता पृथ्वीराज कपूर मेरे परिवार के बगल में ही रहते थे और जब शशि हर रविवार को अपने पिता से मिलने आते तो मैं उनके साइन के लिए एक फोटो खरीद लेती थी।" शबाना के अनुसार, शशि और जेनिफर ने ही उन्हें खूबसूरत बनाया।

#6

शादी से पहले कई बार की थी जावेद अख्तर से अलग होने की कोशिश

शबाना से मिलने से पहले ही जावेद अख्तर की शादी हनी ईरानी से हो चुकी थी। वो अक्सर शबाना के पिता से सलाह लेने के लिए आते थे। इसी दौरान शबाना, जावेद अख्तर की तरफ आकर्षित हुईं। दोनों में प्रेम हो गया, लेकिन शबाना ने कई बार जावेद अख्तर से अलग होने की कोशिश की, क्योंकि वो शादी-शुदा थे। आखिरकार, जावेद अख्तर ने अपनी पहली पत्नी से तलाक ले लिया और 09 दिसंबर, 1984 को शबाना से शादी कर ली।