'अलायंस' में प्रतियोगी बनकर क्यों शामिल होना चाहते हैं सोहेल खान? खुद बताया ये कारण
क्या है खबर?
कुणाल खेमू का रियलिटी शो 'अलायंस' दर्शकों का खूब ध्यान खींच रहा है। हाल ही में, अभिनेता सोहेल खान ने बताया कि वह इस शो में प्रतियोगी बनकर हिस्सा लेने वाले हैं उनके शामिल होने की चर्चाओं ने फैंस को अभी से उत्साहित करना शुरू कर दिया है। इस बीच, सोहेल ने रियलिटी टीवी शो में डेब्यू के अपने फैसले के बारे में बात की और बताया कि आखिर वह प्रतियोगी के तौर पर इसमें क्यों शामिल होना चाहते हैं।
फैसला
"सलमान खान के भाई से बढ़कर भी कुछ हूं"
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, सोहेल ने बताया कि वह दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि वह सलमान खान के भाई से कहीं बढ़कर हैं। उन्होंने कहा, "इस शो में किसी पारिवारिक नाम का सहारा नहीं है। न ही सिनेमा जगत का कोई दबदबा है। बस मैं, मेरा दिमाग और मेरा खेल खेलने का तरीका है।" उन्होंने आगे कहा, "अगर लोग मेरा कोई ऐसा रूप देखकर जाएं जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी, तो अच्छा है। मैं इसीलिए तो यहां हूं।"
चेतावनी
सोहेल ने सलमान की प्रतिक्रिया का खुलासा किया
सोहेल ने सलमान की प्रतिक्रिया पर कहा, "वह उत्सुक थे। फिर उन्होंने कहा, 'क्या तुम्हें यकीन है कि तुम किस चीज में पड़ रहे हो?' जो, उन्हें जानते हुए, एक चेतावनी भी है और एक आशीर्वाद भी। मैं इसे स्वीकार करता हूं।" उन्होंने 'बिग बॉस' पर कहा, "वाे व्यक्तित्वों, संघर्षों और भावनाओं पर आधारित है, लेकिन यह शो बिल्कुल अलग है। यह दिमाग और रणनीति का खेल है।" बता दें, 'अलायंस' के एपिसोड अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित होते हैं।