Loading...
सोहेल खान का बचपन में हुआ था यौन उत्पीड़न, बोले- सालों तक अंदर ही घुटता रहा
सोहेल खान बचपन में हुए थे यौन उत्पीड़न के शिकार

सोहेल खान का बचपन में हुआ था यौन उत्पीड़न, बोले- सालों तक अंदर ही घुटता रहा

Jul 16, 2026
05:53 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सोहेल खान ने टॉक शो 'एलायंस' के हालिया एपिसोड में अपने जीवन का एक बेहद दर्दनाक सच साझा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि बचपन में वो यौन शोषण का शिकार हुए थे और सालों तक चुपचाप इस गहरे सदमे को अपने अंदर दबाए रखा। 'धमकाना', 'चिढ़ाना' या 'दबंगई दिखाने' के खिलाफ आवाज उठाते हुए सोहेल ने बताया कि कैसे इस हादसे ने उनके बेटों निर्वाण और योहान की परवरिश करने के उनके तरीके को पूरी तरह बदल दिया।

सलाह

सोहेल ने बेटों को दी ये सीख

शो में अपने साथी प्रतियोगियों से बातचीत के दौरान सोहेल ने बताया कि वो नियमित रूप से अपने बेटों को ये समझाते हैं कि अगर कोई उन्हें परेशान करे तो वे उनसे बात करने में कभी न हिचकिचाएं।

सोहेल बोले, "मैं रैगिंग के सख्त खिलाफ हूं। मैं हमेशा योहान और निर्वाण से पूछता था कि बेटा अगर कोई तुम्हें परेशान करे तो आकर मुझे बताने में शर्माना मत, क्योंकि ये सब मेरे साथ बचपन में हो चुका है।"

खुलासा

सालों बाद सोहेल ने पिता सलीम खान को बताया सच

सोहेल ने अपना दर्द बयां कर कहा, "दरअसल, जब मैं छोटा था, तब किसी ने मेरा यौन उत्पीड़न किया था और मैं सालों तक इस बात को अपने अंदर ही दबाए रहा। जब मैं बड़ा हुआ... जब मैं असल में एक वयस्क बना, तब मैं गया और मैंने अपने पिता (सलीम खान) को ये बात बताई। मैंने उनसे कहा, 'डैडी, ये मेरे साथ हुआ है।' उन्होंने कहा, बेटा, तूने ये बात इतने सालों तक छिपाकर रखी?"

ADVERTISEMENT

झिझक

"गलती मेरी नहीं थी, फिर भी शर्म महसूस हुई"

सोहेल आगे बोले, "मैंने डैड से कहा, 'मुझे बहुत खेद है, लेकिन मुझे ये बात बताने में बहुत शर्म आ रही थी। गलती मेरी नहीं थी, लेकिन उस उम्र में आप खुद ही शर्मिंदगी महसूस करने लगते हैं। बचपन के इसी दर्दनाक हादसे की वजह से मैं लगातार अपने बच्चों को टोकता रहता हूं ताकि वे कभी ऐसी परिस्थिति में खामोश न रहें। किसी भी तरह के शोषण या गलत व्यवहार को चुपचाप कभी न सहें और खुलकर आवाज उठाएं।"

ADVERTISEMENT

भावुक पल

सोहेल का दर्द सुन प्रतियोगियों ने लगाया गले

शो में सोहेल के साथी प्रतियोगियों ने जीवन के इतने दर्दनाक हिस्से पर खुलकर बात करने के लिए उनकी सराहना की और उन्हें गले लगाकर 'बेहद बहादुर' बताया।

इससे पहले शो में अपनी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह की वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद सोहेल ने अपनी शादी पर भी बात की थी। उन्होंने ईमानदारी से स्वीकार किया था कि उनके खुद के व्यवहार के कारण ही उनका ये रिश्ता टूटा था।

ADVERTISEMENT