'डॉन 3': रणवीर के बाद कियारा आडवाणी हुईं ट्रोल, प्रियंका को फिल्म में लेने की मांग
अपने ऐलान के बाद से ही 'डॉन 3' मीडिया खबरों में बनी हुई है। फिल्म में रणवीर सिंह 11 मुल्कों की पुलिस द्वारा खोजे जाने वाले 'डॉन' की भूमिका निभाएंगे। आज निर्माताओं ने घोषणा की है कि रणवीर के साथ कियारा आडवाणी की जोड़ी जमेगी। जहां अभिनेत्री के प्रशंसक उन्हें फिल्म के देखने के लिए उत्साहित हैं, वहीं बहुत से ऐसे हैं जो उन्हें बुरी तरह से ट्रोल कर रहे हैं। चलिए जानते हैं क्यों।
कियारा की हो रही आलोचना
कियारा की 'डॉन 3' में एंट्री होने के साथ ही सोशल मीडिया पर वही दौर लौट आया है, जो रणवीर के नाम के ऐलान के बाद देखने को मिला था। दरअसल, फरहान अख्तर की घोषणा के बाद प्रशंसकों के बीच निराशा है क्योंकि वे सभी 'रोमा' के किरदार में सिर्फ और सिर्फ प्रियंका चोपड़ा को देखना चाहते हैं। लोग प्रियंका की जगह कियारा को स्वीकार नहीं करना चाहते हैं। ऐसे में अभिनेत्री को खूब ट्रोल किया जा रहा है।
प्रियंका चोपड़ा से अच्छा कोई नहीं- यूजर्स
निर्माता द्वारा कियारा के नाम की घोषणा के लिए जारी किए वीडियो पर लोग इस चुनाव पर अपनी असंतुष्टि जता रहे हैं। लोगों का मानना है कि 'जंगली बिल्ली' यानी रोमा के किरदार को प्रियंका से अच्छा कोई नहीं निभा सकता। यूजर्स ने लिखा, 'कियारा क्यों? प्रियंका चोपड़ा जोनास को लें।' इसके साथ ही लोगों ने फिर से फिल्म में शाहरुख खान की अनुपस्थिति पर निराशा व्यक्त की और लिखा, 'शाहरुख नहीं तो 'डॉन' भी नहीं।'
ऐसे किया फरहान ने कियारा का स्वागत:
रणवीर भी झेल चुके हैं आलोचना
फरहान को पहले तब आलोचना का सामना करना पड़ा था, जब उन्हें 2023 में डॉन यूनिवर्स की अगली फिल्म 'डॉन 3' के लिए रणवीर को मुख्य अभिनेता के रूप में घोषित किया था। रणवीर के साथ 'डॉन 3' के ऐलान ने सोशल मीडिया पर लोगों को दो गुटों में बांट दिया था। जहां कुछ रणवीर को अंडरवर्ल्ड किंग की भूमिका में देखने के लिए उत्साहित थे, वहीं आधे उनकी जमकर आलोचना कर रहे थे।
उत्साहित हैं कियारा आडवाणी
अमिताभ बच्चन और शाहरुख के बाद, जहां फिल्म में रणवीर 'डॉन' की भूमिका निभाते नजर आएंगे, वहीं कियारा को फिल्म में रोमा के किरदार में देखा जाएगा। कियारा ने इस मशहूर फ्रेंचाइजी से जुड़ने पर अपना उत्साह व्यक्त किया और लिखा, 'प्रतिष्ठित डॉन फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर और इस शानदार टीम के साथ काम करने के लिए रोमांचित हूं। हम आप सभी से प्यार और समर्थन की अपेक्षा करते हैं क्योंकि हम एक साथ इस रोमांचक यात्रा पर निकले हैं।'
यहां देखें कियारा का पोस्ट:
न्यूजबाइट्स प्लस
बता दें, 'डॉन' का मूल संस्करण 1978 में रिलीज हुआ था। इसमें अमिताभ-जीनत अमान मुख्य भूमिका में थे। साल 2006 में फरहान ने 'डॉन' का रीमेक बनाया था, जिसमें शाहरुख और प्रियंका नजर आए थे। 'डॉन 3' साल 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।