बिग बॉस ने अब्दु रोजिक को दिया गलत टास्क? दर्शक कर रहे अब्दु की तारीफ
'बिग बॉस 16' कलर्स टीवी पर नए-नए ट्विस्ट्स के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। जहां कई प्रतिभागी शो में अकसर लड़ाई-झगड़े करते नजर आते हैं, वहीं अब्दु रोजिक ने अपने शालीन बर्ताव और मासूमियत से लोगों का दिल जीत रखा है। सोशल मीडिया पर अकसर लोग अब्दु के समर्थन में या उनकी तारीफ करते हुए कुछ न कुछ शेयर करते रहते हैं। बुधवार को भी कुछ ऐसा हुआ जिसके बाद प्रशंसक उनके समर्थन में उतर आए।
अब्दु के लिए अनुचित था टास्क?
बुधवार के एपिसोड में बिग बॉस ने घरवालों को राशन टास्क दिया था। कई दर्शकों को यह टास्क अब्दु रोजिक के लिए सही नहीं लगा। दरअसल, इस टास्क में ठेले पर राशन का कुछ सामान रखा था। घरवालों को अपनी-अपनी टीम के लिए राशन का ये सामान लूटना था। जहां सभी घरवाले एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करके सामान लूटने में व्यस्त थे, वहीं अब्दु अपने छोटे कद के कारण ठेले तक बमुश्किल पहुंच पा रहे थे।
सोशल मीडिया पर हो रही अब्दु की तारीफ
मुश्किल होने पर भी अब्दु अपने लिए सामान लेने की भरसक कोशिश करते रहे। वह घरवालों की धक्का-मुक्की के बीच भी अपनी टीम के लिए सामान बटोरते नजर आए। इसके लिए सोशल मीडिया पर अब्दु की खूब तारीफ हो रही है। एमसी स्टैन बिग बॉस पर अब्दु के लिए इसे गलत टास्क होने का आरोप लगाते दिखे। सोशल मीडिया पर भी दर्शकों का कहना है कि यह टास्क अब्दु के लिए सही नहीं था।
एमसी स्टैन ने दिया अब्दु का साथ
हंसमुख अंदाज से लोगों का मनोरंजन करते हैं अब्दु
अब्दु अपने हंसमुख अंदाज से दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। वह अपनी टूटी-फूटी अंग्रेजी में हर किसी का दिल बहलाते नजर आते हैं। निमृत कौर के प्रति उनका आकर्षण भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहता है। 'वीकेंड का वार' के दौरान अकसर वह सलमान खान के साथ भी मस्ती करते दिखते हैं। एक पुराने एपिसोड में घरवालों द्वारा अब्दु को नॉमिनेट करने पर सलमान घरवालों की क्लास लगाते नजर आए थे।
कौन हैं अब्दु रोजिक?
19 वर्ष के अब्दु तजाकिस्तान के लोकप्रिय गायक हैं। बॉलीवुड गाने गाने की वजह से उनके भारतीय फॉलोअर्स की भी अच्छी संख्या है। उनका अपना यूट्यूब चैनल है जिसका नाम 'अवलोड मीडिया' है। इस चैनल पर करीब 5.8 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बचपन में उन्हें रिकेट्स (सूखा रोग) हो गया था। इसी बीमारी की वजह से उनका शारीरिक विकास नहीं हो पाया और वह कद में छोटे रह गए।