शोभिता धुलिपाला ने बताया बाहरी होने का डरावना अनुभव, बोलीं- कोई नहीं था, अकेले लड़ना पड़ा
क्या है खबर?
अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला ने 2016 में अनुराग कश्यप की फिल्म 'रमन राघव 2.0' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वो 'शेफ', 'कालाकांडी', जैसी कई फिल्मों में काम किया। वहीं अब शोभिता ने GQ इंडिया के साथ हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में, एक बाहरी व्यक्ति के तौर पर अपने संघर्षों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में बिना किसी मार्गदर्शन के आगे बढ़ना कितना कठिन था।
याद
शोभिता ने किया संघर्ष के दिनों को याद
शोभिता ने कहा, "जब मैं कॉलेज में थी, तब मैं GQ और वोग जैसी पत्रिकाओं के कवर देखती थी। तब मुझे लगता था कि मेरे जैसी लड़की के लिए ऐसी दुनिया का हिस्सा बनना मुमकिन नहीं है। मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था। एक आउटसाइडर के तौर पर, आप बस चीजें समझने की कोशिश कर रहे होते हैं, आपके पास कोई जानकारी या मार्गदर्शन नहीं होता। यह बहुत डरावना लगता है।"
फिल्म
शोभिता को कैसे मिली पहली फिल्म?
कई ऑडिशन देने के बाद, उन्हें फिल्म 'रमन राघव 2.0' में अपना पहला रोल मिला, जो उन्हें 2016 में कान फिल्म फेस्टिवल तक ले गया।
अपने सफर के बारे में बात करते हुए, शोभिता ने आगे कहा, "मैंने बहुत सारे ऑडिशन दिए और फिर मुझे अपनी पहली फिल्म मिली। मैं कान्स गई, जहां मुझे कई बहुत ही होनहार लोगों से मिलने का मौका मिला। आप लगातार सीखते रहते हैं और फिर अचानक कोई बड़ा मौका मिल जाता है।"
बात
शोभिता ने कही यह बात
शोभिता कहती हैं, "जब ऐसा होता है, तो आपको एहसास होता है कि कोई कुछ भी कर सकता है। आपको समझ आता है कि आपको किसी और की मंजूरी की जरूरत नहीं है और यह एहसास आपको आजाद कर देता है। जब आप इस बात की परवाह करना छोड़ देते हैं कि कोई आपसे कहे कि 'आप काफी अच्छे हैं', तो आपको बहुत खुशी मिलती है। लेकिन इसके लिए हिम्मत, कड़ी मेहनत और समय की जरूरत होती है।"
फिल्म
कई भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं शोभिता
शोभिता ने अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम किया, जिनमें मलयालम फिल्में 'मूथोन' और 'कुरुप', तेलुगु फिल्म 'मेजर' और मणिरत्नम की तमिल पीरियड ड्रामा फिल्में 'पोन्नियिन सेलवन: I' और 'पोन्नियिन सेलवन: II' शामिल हैं।
वह 'बार्ड ऑफ ब्लड' और 'द नाइट मैनेजर' जैसी सीरीज में भी नजर आईं। 2024 में, उन्होंने देव पटेल की एक्शन थ्रिलर 'मंकी मैन' के साथ हॉलीवुड में कदम रखा, जिसके बाद वह हिंदी फिल्म 'लव सितारा' में दिखाई दीं।