स्मिता जयकर ने सुशांत से मुलाकात को किया याद, बोलीं- उन्हें आते थे आत्महत्या के विचार
क्या है खबर?
अनुभवी अभिनेत्री और आध्यात्मिक हीलर स्मिता जयकर ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत के दौरान दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को याद किया। उन्होंने बताया जब सुशांत का डिप्रेशन का इलाज चल रहा था, तब वह उनसे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में मिलने गई थीं। उन्होंने रिया चक्रवर्ती के उन प्रयासों के बारे में भी बात की, जो उन्होंने सुशांत के साथ रिश्ते में रहते हुए उनकी मदद करने के लिए किए थे।
याद
स्मिता ने दिया था सुशांत को उपचार
स्मिता ने कहा, "सुशांत आत्महत्या करने के विचारों से जूझ रहे थे। तब रिया ने मुझे फोन किया था। उस समय उनका बांद्रा के हिंदुजा अस्पताल में डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। मैं वहां गई थी और मैंने उन्हें उपचार भी दिया था। "
अपनी बातचीत को याद करते हुए, स्मिता ने बताया कि उस समय सुशांत खुश लग रहे थे और उन्होंने बहुत अच्छे से बात भी की थी।
तैयारी
सुशांत उपचार प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए थे तैयार
स्मिता ने बताया कि सुशांत उनके सुझाए गए उपचार प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए एक आश्रम जाने को तैयार थे। हालांकि, यह योजना पूरी नहीं हो सकी।
उन्होंने आगे बताया, "रात में रिया ने मुझे मैसेज किया था कि स्मिता, वह फिर से अस्थिर हालत में हैं। काश वह आश्रम में आ पाते।"
जब पूछा गया कि क्या सुशांत नशीले पदार्थों के प्रभाव में थे, तो स्मिता ने इसे साफ तौर पर खारिज कर दिया।
मदद
रिया करना चाहती थीं सुशांत की मदद
सुशांत की मौत पर अपनी प्रतिक्रिया को याद करते हुए, स्मिता ने कहा कि वह सोचती थीं कि सुशांत ने उनसे दोबारा संपर्क क्यों नहीं किया और कहा कि शायद वह उनकी मदद कर सकती थीं।
उन्होंने रिया का बचाव करते हुए यह भी कहा कि जब वे दोनों एक-दूसरे के साथ थे, तब रिया सच में सुशांत की मदद करना चाहती थीं।
बता दें सुशांत का निधन 14 जून, 2020 को हुआ था।